20 से शादियों का धूम धड़ाका शुरू, नवंबर-दिसंबर में विवाह के 11 शुभ मुहूर्त, देखें
Dev Uthani Gyaras : दीपावली के बाद व्यापारियों को अब देव उठनी ग्यास से शुरू हो रहे विवाह सीजन में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। दुकानदारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और बाजार में शादी के सामान की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी से विवाह के लग्न शुरू होते हैं। इस बार एकादशी 20 नवंबर को है।
धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिंद्रा से जागते हैं और चातुर्मास समाप्त होता है। विवाह के शुभ मुहूर्त 22 नवंबर से शुरू होने की बात कही गई है। नवंबर और दिसंबर में कुल 11 शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में विवाह के मुहूर्त 21, 24, 25 और 26 तारीख को हैं।
दिसंबर में दो, तीन, चार, पांच, छह, 11 और 12 तारीख शुभ हैं। सूर्य के 16 दिसंबर को धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू होगा। इसके चलते 16 दिसंबर के बाद विवाह और अन्य मांगलिक कार्य 14-15 जनवरी तक नहीं होंगे।
विवाह सीजन के लिए होटल और बैंक्वेट हाल की एडवांस बुकिंग की जा रही है। टेंट हाउस, हलवाई और ब्यूटी पार्लर संचालकों को भी अग्रिम भुगतान दिया जा रहा है। ज्वैलर्स, कपड़ा, फर्नीचर और इलेक्ट्रानिक्स दुकानदारों को कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सैकड़ों जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे।
ग्राहकों की पसंद के लिए खास तैयारियां
मुख्य बाजार स्थित हरि एंपोरियम के मालिक दीपक सैनी ने बताया कि विवाह समारोहों के लिए खास लहंगे, लांचा और सूट उपलब्ध कराए गए हैं। एम्ब्रोयडरी, काटन और सिल्क सहित कई तरह की वैरायटी मंगवाई गई हैं। समारोहों में गाउन की भी विशेष मांग रहती है।
चार माह बाद शुरू होंगे विवाह लग्न : नवीन शास्त्री
जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि चार महीने से विवाह और मांगलिक आयोजनों पर लगा विराम नवंबर में समाप्त होगा। देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास का समापन माना जाता है। इसके बाद विवाह, सगाई और गृह प्रवेश सहित मांगलिक कार्य शुरू होते हैं। हिंदू धर्म में ऐसे कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त देखा जाता है। पंचांग के अनुसार, 20 नवंबर की देवउठनी एकादशी से विवाह का दौर शुरू होगा।
