NH 152-D रूट पर रोडवेज बसों का टाइम टेबल बदला, चंडीगढ़ से चलने का समय चेंज
Haryana Roadways 152-D bus time : हरियाणा रोडवेज की बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ने सतनाली से चंडीगढ़ वाया 152-डी मार्ग पर संचालित बस सेवा के समय में बदलाव किया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ के आईएसबीटी सेक्टर-17 से बसों की समय-सारिणी अपडेट की गई है।
परिवहन विभाग के महानिदेशक की ओर से 3 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, चंडीगढ़ आईएसबीटी सेक्टर-17 से नारनौल और रेवाड़ी डिपो की बसों के समय में बदलाव किया गया है। नई समय-सारिणी के तहत नारनौल जाने वाली एक बस अब सुबह 11:25 बजे रवाना होगी, जबकि रेवाड़ी जाने वाली बस का समय 12:10 बजे से बदलकर 11:50 बजे कर दिया गया है।
इसके अलावा नारनौल डिपो की एक अन्य बस का समय 12:10 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं नारनौल डिपो की अंबाला जाने वाली बस का समय 12:40 बजे और चंडीगढ़ डिपो की नारनौल जाने वाली बस का समय 13:05 बजे यथावत रखा गया है।
विभाग की ओर से नारनौल, अंबाला, चंडीगढ़ और रेवाड़ी के महाप्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आईएसबीटी सेक्टर-17 चंडीगढ़ से बसों का संचालन जारी की गई नई समय-सारिणी के अनुसार सुनिश्चित करें। यह बदलाव सतनाली से चंडीगढ़ वाया 152डी मार्ग पर सुबह 4 बजे संचालित होने वाली बस सेवा के संबंध में प्राप्त अनुरोध के बाद किया गया है।
