logo

म्हारी सड़क एप पर शिकायतों का खेल, सड़क टूटी रही, कागजों में हो रही मरम्मत  

 
 म्हारी सड़क एप पर शिकायतों का खेल, सड़क टूटी रही, कागजों में हो रही मरम्मत  

Jind news : सड़क पर गड्ढे जस के तस हैं, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में कई बार मरम्मत हो चुकी है। ‘म्हारी सड़क’ एप पर दूसरी जगह की तस्वीरें अपलोड कर शिकायतें बंद किए जाने का मामला सामने आया है। सरकार ने म्हारी सड़क एप बनाई थी, ताकि आम जनता भी टूटी सड़कों का फोटो अपलोड कर के समाधान करवा सके लेकिन नेशनल हाईवे अथारिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी सरकार की इस योजना को पलीता लगा रहे हैं।

टूटी सड़क की फोटो के साथ शिकायत करने पर एनएचएआई के अधिकारी दूसरी जगह का साफ फोटो लगाकर अपलोड करते हैं और शिकायत को बंद कर देते हैं। ऐसा एक बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है।  सफा खेड़ी निवासी विकास ने 9 अक्तूबर 2025 सफा खेड़ी के पास जींद-नरवाना नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर टूटी सड़क का फोटो खींचकर म्हारी सड़क एप पर अपलोड किया था।

एनएचएआई ने 12 नवंबर 2025 को उसी लोकेशन से दूसरी जगह पक्की सड़क का फोटो खींचा और अपलोड कर दिया। इसके बाद शिकायत को बंद कर दिया गया जबकि हकीकत में टूटी सड़क को ठीक ही नहीं किया गया। शिकायतकर्ता ने दोबारा से 18 दिसंबर को शिकायत लगाई तो फिर से 29 मई 2026 को दूसरी जगह का फोटो अपलोड कर के शिकायत का समाधान दिखा दिया गया। 

विकास ने फिर से 6 जून 2026 को उसी टूटी सड़क के फोटो अपलोड कर शिकायत दर्ज करवाई तो 18 सितंबर को फिर से इस सड़क को रिपेयर किया दिखा कर शिकायत बंद कर दी। 3 नवंबर को फिर से शिकायत को रि-ओपन करवाया गया। अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। 

सवा साल में टूटी सड़क एक बार भी ठीक नहीं हुई
शिकायतकर्ता विकास का कहना है कि पिछले सवा साल में टूटी सड़क एक बार भी ठीक नहीं हुई लेकिन म्हारी सड़क एप पर इस सड़क को कई बार ठीक किया जा चुका है। सरकार को संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

विकास ने कहा कि एप पर शिकायत किस विभाग के पास गई है, इसका पता नहीं चल पाता, इसलिए इस मामले में लोक निर्माण विभाग के पास भी शिकायत कर चुका है लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। 

इस मामले में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ विक्रम नैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह एनएचएआई का सर्विस रोड है, इसलिए उसकी विभाग की जिम्मेदारी है। 

एसडीएम सुमन यादव ने कहा कि इस मामले में फॉलोअप लेंगी और समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा। संबंधित कर्मचारी से जवाब मांगा जाएगा।