हरियाणा की इस सड़क की 50 करोड़ से बदलेगी सूरत, 10 मीटर चौड़ी होगी
Haryana new roads : हरियाणा में रोड नेटवर्क मजबूत हो रहा है। शहर के अंदर की सड़कें हो या बाहर की, नेशनल हाईवे हों या फिर ग्रामीण अंचल की सड़कें, सभी को अपग्रेड किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब नेशनल हाईवे-148 बी के दिन अब बदलने वाले हैं। सड़क के पुनर्निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआती चरण में मार्ग पर मार्किंग की जा रही है, जिसके बाद अलग-अलग हिस्सों में निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
इस परियोजना की खास बात यह है कि गांवों से गुजरने वाले हिस्सों में सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। साथ ही बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए नालों का निर्माण भी होगा। वहीं, गांवों से बाहर हाईवे की चौड़ाई 10 मीटर रखी जाएगी। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम को डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है।
गड्ढों और जलभराव से मिलेगी निजात
हांसी-बरवाला रोड लंबे समय से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण वाहनों की रफ्तार थम जाती थी। बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती थी। कई स्थानों पर पानी भरने से सड़क और गड्ढों का अंतर तक दिखाई नहीं देता था।
इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क खराब होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों से लेकर भारी वाहन चालकों तक को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। अब नए सिरे से सड़क बनने से यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर मिलने की उम्मीद है।
गांवों के बीच से गुजरेगी चार लेन की सड़क
निर्माण योजना में गांवों से गुजरने वाले हिस्सों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इन स्थानों पर हाईवे को फोरलेन किया जाएगा, ताकि स्थानीय वाहनों और हाईवे से गुजरने वाले ट्रैफिक को पर्याप्त जगह मिल सके। सड़क के दोनों ओर जल निकासी के लिए नाले भी बनाए जाएंगे।
गांवों के बाहर सड़क की चौड़ाई 10 मीटर निर्धारित की गई है। इस तरह पूरे मार्ग को जरूरत के हिसाब से विकसित किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और संकरे हिस्सों में लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की संभावना है।
96 करोड़ का टेंडर, करीब 50 करोड़ में अलॉट हुआ काम
इस सड़क परियोजना के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से करीब 96 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। हालांकि, निर्माण कार्य करीब 50 करोड़ रुपये में आवंटित किया गया है। ठेकेदार को काम पूरा करने के लिए डेढ़ साल का समय दिया गया है।
हांसी-बरवाला मार्ग केवल स्थानीय आवागमन के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह पंजाब और राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी एक अहम संपर्क मार्ग है। ऐसे में सड़क का पुनर्निर्माण होने से आसपास के गांवों के लोगों के साथ लंबी दूरी का सफर करने वाले वाहन चालकों को भी फायदा मिलेगा।
