हरियाणा में गांवों में लगेंगी सोलर लाइटें, हर ब्लॉक का लक्ष्य, 4 हजार की सब्सिडी
Haryana Gram panchayat news : हरियाणा के ग्रामीण इलाकों में रात के समय अंधेरी रहने वाली गलियों और सार्वजनिक स्थानों को रोशन करने के लिए प्रदेश सरकार ने नई पहल की है। सरकार की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए 'एसपीवी स्ट्रीट लाइटिंग फॉर रूरल एरिया' योजना लागू की जा रही है।
इसके तहत गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था करने के साथ बिजली पर निर्भरता कम करना और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। योजना के तहत प्रत्येक ब्लॉक में 200 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसके लिए ग्राम पंचायतों के अलावा जिला परिषद, ब्लॉक समितियां और अन्य पात्र गैर-व्यावसायिक संस्थाएं भी आवेदन कर सकती हैं। यानी योजना का लाभ केवल पंचायतों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पात्र संस्थाएं भी अपने क्षेत्र में सोलर लाइट लगवाने की मांग भेज सकेंगी।
एक लाइट पर सरकार देगी 4 हजार रुपये
सरकार ने प्रत्येक सोलर स्ट्रीट लाइट की कीमत 17 हजार रुपये निर्धारित की है। इसमें 4 हजार रुपये की सब्सिडी हरियाणा सरकार की ओर से दी जाएगी। इस प्रकार संबंधित ग्राम पंचायत या लाभार्थी संस्था को एक लाइट लगवाने के लिए केवल 13 हजार रुपये का अंशदान देना होगा। यह राशि हरेडा (हरियाणा नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी) द्वारा निर्धारित बैंक खाते में जमा करवानी होगी।
पहले मांग भेजने वालों को मिलेगा प्राथमिकता से लाभ
यह योजना मांग आधारित रखी गई है। इसके तहत सोलर स्ट्रीट लाइटों का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक ग्राम पंचायतें और पात्र संस्थाएं अपने संबंधित क्षेत्र के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (BDPO) के माध्यम से अपनी मांग प्रस्तुत कर सकती हैं।
BDPO को पंचायतों से मांग जुटाने के निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त-सह-मुख्य परियोजना अधिकारी, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा रेवाड़ी राहुल मोदी ने बताया कि सभी बीडीपीओ को अपने-अपने ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर सोलर स्ट्रीट लाइटों की मांग प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना के लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में गलियों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। साथ ही सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली की खपत पर निर्भरता भी कम होगी।
