logo

हरियाणा में रिश्वत लेते धरे गए सरपंच साहब, एक साइन करने को मांगे थे 50 हजार रुपये

 
Haryana acb raid hisar sarpanch bribe case

Haryana ACB raid Sarpanch bribe case : 
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने चौधरीवास गांव के सरपंच अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है। 

आरोप है कि सरपंच ने एक कारोबारी से बैंक लोन की सीमा बढ़वाने के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) पर हस्ताक्षर करने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के आधार पर ACB ने जाल बिछाया और शनिवार शाम आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान कथित रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद हुई है।

बैंक से लोन लिमिट बढ़ाने के लिए चाहिए था NOC

ACB से मिली जानकारी के मुताबिक, इस मामले में शिकायतकर्ता नवीन गर्ग बड़वा गांव का निवासी है, जो सिवानी तहसील के अंतर्गत आता है। उसने चौधरीवास गांव में कालवास रोड पर दाल मिल और अनाज व्यापार से जुड़ी कंपनी स्थापित कर रखी है। कारोबार के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में लोन की सीमा बढ़ाने का आवेदन किया गया था।

इस प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना जरूरी था। आरोप है कि सरपंच अशोक कुमार ने प्रमाण पत्र जारी करने और उस पर हस्ताक्षर करने के बदले 50 हजार रुपये की मांग रखी।

पहले बातचीत, फिर ACB तक पहुंची शिकायत

शिकायतकर्ता के अनुसार, शुक्रवार को जब वह सरपंच से मिला तो उससे 50 हजार रुपये लाने को कहा गया। कथित तौर पर सरपंच ने रकम मिलने पर NOC पर तुरंत हस्ताक्षर करने की बात कही। इसके बाद शिकायतकर्ता ने शनिवार को ACB कार्यालय में पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी अधिकारियों को दी।

शिकायत सामने आने के बाद ब्यूरो ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की। निर्धारित योजना के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट संजीव कुमार त्यागी को टीम के साथ शामिल किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया गया।

घर पर पहुंची टीम, जेब से मिली नकदी

ACB की टीम ने शनिवार शाम करीब पौने पांच बजे चौधरीवास में सरपंच के घर पर कार्रवाई की। इस दौरान अशोक कुमार को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों का दावा है कि उसके पास से 50 हजार रुपये बरामद किए गए, जिन्हें शिकायत में बताई गई रिश्वत की रकम बताया गया है।

फिलहाल ब्यूरो मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा विधायक से नजदीकी को लेकर भी चर्चा

इस मामले के सामने आने के बाद सरपंच अशोक कुमार की नलवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार के साथ कथित नजदीकी भी चर्चा में है। बताया जाता है कि दोनों को विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ देखा गया है। 22 सितंबर को चौधरीवास गांव में शौचालय और वाटर कूलर के उद्घाटन कार्यक्रम में भी सरपंच विधायक के साथ मौजूद था।

शौचालय के उद्घाटन पर लगे पत्थर को लेकर हुआ था विवाद

चौधरीवास गांव में इससे पहले शौचालय के उद्घाटन के समय लगाए गए एक शिलापट्ट को लेकर विवाद हुआ था। पत्थर पर 'युग पुरुष स्वर्गीय भजनलाल चौक' लिखे जाने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। बताया गया था कि यह पत्थर सरपंच अशोक कुमार ने लगवाया था।

उस समय विधायक रणधीर पनिहार ने सरपंच के पक्ष में बयान देते हुए कहा था कि शौचालय बनाना कोई गलत काम नहीं है और शिलापट्ट पर चौधरी भजनलाल चौक का नाम लिखा गया है। वहीं, राष्ट्रीय किसान संघ के बीकानेर जिलाध्यक्ष धर्मपाल मगरा ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताते हुए एक वीडियो भी जारी किया था।