logo

पंचकूला में करें साइकिल की सवारी, किराये पर होगा उपलब्ध

 
पंचकूला में करें साइकिल की सवारी, किराये पर होगा उपलब्ध

panchkula news : चंडीगढ़ से सटे हरियाणा के प्रमुख शहर पंचकूला में अब घूमने वालों को नगर निगम खास सौगात देने जा रहा है। इसके तहत नगर निगम ने तय किया है कि घूमने वालों को किराये पर साइकिल उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे लोग आसानी से शहर की सुंदरता के नजारे ले सकेंगे।
हालांकि इससे पहले भी पंचकूला में किराये पर साइकिल देने की योजना चल रही थी, लेकिन अब लंबे समय से यह बंद पड़ी है। अब नगर निगम ने दोबारा इसको शुरू करने का फैसला लिया है। इससे जहां लोगों को बेहतर यातायात व्यवस्था मिलेगी, वहीं शहर का पर्यावरण संरक्षण भी होगा।

पंचकूला में यह साइकिल परियोजना अब नगर निगम दोबारा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए टेंडर की तैयारी की गई है। इसी प्रक्रिया में इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए स्थानीय निकाय विभाग के मुख्यालय के पास भेज दिया गया है। जैसे ही मुख्यालय से मंजूरी मिलती है, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

50 साइकिल स्टैंड होंगे संचालित
दोबारा से शुरू हो रही इस योजना के लिए नगर निगम ने तय किया है कि प्रथम चरण में 50 साइकिल स्टैंड संचालित किए जाएंगे। यहां पर 30 नए स्टैंड होंगे। वहीं पहले बने हुए 20 साइकिल स्टैंड को भी दोबारा चालू करने के लिए तैयार किया जाएगा। 

पीपीपी आधार पर चलेगी योजना
यह योजना नगर निगम द्वारा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप यानी पीपीपी के आधार शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य है कि साइकिलों के रखरखाव और संचालन के साथ तकनीकी को बेहतर बनाया जा सकता है। इसके बाद दूसरे चरण को आगे बढ़ाते हुए दायरे को विस्तार दिया जाएगा। क्योंकि इस योजना के तहत घग्गर पार के सेक्टरों के साथ-साथ मनसा देवी काॅम्प्लेक्स क्षेत्र भी आएगा।