यात्रियों, विद्यार्थियों को राहत : शहर के अंदर से बसों का संचालन शुरू
Jind news : दीवाली के बाद अब फिर से परिवहन समिति की बसों का संचालन दो सप्ताह बाद फिर से शहर के अंदर से कर दिया गया है। इससे यात्रियों को राहत मिली है। शहर में कोर्ट मोड, पुराना बस स्टैंड, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, रुपया चौक व सब्जी मंडी मोड़ से यात्री हांसी, असंध, नरवाना व कैथल जाने के लिए बस पकड़ते थे।
त्योहारी सीजन के कारण बसों का संचालन फ्लाईओवर से किया जा रहा था। इस कारण यात्रियों को आटो पकड़ कर बस स्टैंड पर जाना पड़ता था। दीवाली के चलते गोहाना रोड व सफीदों रोड पर दुकानदारों ने अलग-अलग जगह सेल लगाई हुई थी। इस कारण शहर में भीड़-भाड़ का माहौल था।
लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दीवाली तक शहर के अंदर से चलने वाली बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। ऐसे में गोहाना रोड पर लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, बतख चौक, रुपया चौक व सब्जी मंडी मोड़ से बस पकड़ने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पडा।
यात्रियों को अपने निर्धारित स्थान पर जाने के लिए आटो व ई रिक्शा से बस स्टैंड पर जाना पड़ता था। आमतौर पर हांसी, हिसार, बरवाला, असंध, करनाल, कैथल लोकल, नरवाना रूट की बस बस स्टैंड से निकलकर गोहाना रोड से हाेते हुए लघु सचिवालय, नागरिक अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, रानी तालाब, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, रुपया चौक, सब्जी मंडी मोड़ से होते हुए पटियाला चौक पर बस जाती हैं।
शहर में लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, रुपया चौक व पटियाला चौक से काफी संख्या में यात्री इन रूट पर जाने के लिए बस पकड़ते हैं। यहां से उन्हें बस पकड़ने के लिए बस स्टैंड जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इस कारण यात्रियों का समय और आटो का किराया बचता है। डिपो में जिलेभर में अलग-अलग रूटों पर 162 प्राइवेट बसें दौड़ रही हैं।
इनमें नरवाना रूट पर 31, असंध रूट पर 16, गोहाना और बरवाला रूट पर 19, हांसी रूट पर 26, पुंडरी रूट पर तीन, जींद से पानीपत रूट पर 26, पिल्लूखेड़ा से रोहतक रूट पर पांच, नरवाना से हांसी रूट पर पांच, नरवाना से कैथल रूट पर 24 और नरवाना से हिसार रूट पर 20 निजी बसें शामिल हैं। शहर के अंदर से बसों का संचालन शुरू होने पर यात्रियों को राहत मिली है।
जींद बस स्टैंड के डीआई सुनील पूनिया ने बताया कि त्योहारी सीजन के चलते शहर में भीड़ भाड़ ज्यादा थी। गोहाना व सफीदों रोड पर दुकानदारों ने स्टाल लगाई थी। सुरक्षा की दृष्टि से बसों का संचालन फ्लाईओवर से किया जा रहा था। अब दीवाली का त्योहार जा चुका है और गोहाना व सफीदों रोड पर ज्यादा भीड़ नहीं है। स्थिति सामान्य होते ही बसों का संचालन फिर से शहर के अंदर से कर दिया गया है।
