Railway news : रात को दौड़ रही पैसेंजर ट्रेन की बत्ती गुल, मोबाइल टॉर्च के सहारे किया सफर
Railway news : दिल्ली-जाखल पैसेंजर ट्रेन के डिब्बों में रविवार रात को बिजली गुल होने से यात्रियों को मोबाइल फोन की टार्च जलाकर सफर करना पड़ा। डिब्बों में रोशनी नहीं होने से महिलाओं और लड़कियों में डर का माहौल बना रहा। यात्रियों का कहना था, रेलवे प्रबंधन को सूचना देने के बावजूद बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई। ऐसे में अंधेरे में चोरी या लूटपाट की घटना हो सकती है।
रविवार को ट्रेन संख्या 54035 दिल्ली-जाखल पैसेंजर पहले ही निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से जींद पहुंची। ट्रेन के शाम सात बजे पहुंचने का समय निर्धारित था, लेकिन यह रात करीब नौ बजे जंक्शन पर पहुंची। यात्रियों को रेल के डिब्बों में अंधेरा उनकी परेशानी और बढ़ा गया। देरी से परेशान यात्रियों को अंधेरे में सफर करना पड़ा।
ट्रेन के डिब्बों में बिजली नहीं होने के कारण यात्रियों को मोबाइल की टार्च जलानी पड़ी। रात के समय अंधेरे डिब्बों में बैठी महिलाओं और लड़कियों के बीच असुरक्षा की चिंता बनी रही। रोशनी के अभाव में यात्रियों को अपने सामान और आसपास की स्थिति पर नजर रखने में भी परेशानी हुई। यात्रियों का कहना था कि रात में चलने वाली ट्रेन में बुनियादी सुविधाओं का इस तरह ठप होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
यात्रियों के अनुसार, बिजली सप्लाई बंद होने की सूचना रेलवे प्रबंधन को दी गई, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई। एक तरफ ट्रेन देरी से जींद पहुंची, दूसरी तरफ डिब्बों में रोशनी तक नहीं मिली। यात्रियों ने मांग की कि बिजली सप्लाई की नियमित जांच हो और शिकायत मिलते ही समस्या का समाधान किया जाए। रात के सफर में यात्रियों को इस तरह अंधेरे के भरोसे छोड़ना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
ट्रेन नंबर 54035 दिल्ली से बनकर चलती है। जहां से ट्रेन बनकर चलती है, शुरुआत में वहां से लाइटिंग की व्यवस्था देखनी होती है। उनके पास किसी यात्री की ओर से लाइटिंग समस्या को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। लाइटिंग व्यवस्था को देखने के लिए अलग से विंग होती है। अगर कोई शिकायत आई होगी, तो हो सकता है उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला हो।
--जेएस कुंडू, स्टेशन अधीक्षक रेलवे जंक्शन जींद
