हरियाणा में राशन डिपो लेने का मौका, आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई, देखें पूरी जानकारी
Ration Depot Licence : हरियाणा में 2651 राशन डिपो लेने को लेकर चल रही प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख को बढ़ाया गया है। पहले 10 नवंबर तक का समय था लेकिन अब 25 नवंबर 2026 तक आवेदन हो सकेंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रदेश में राशन डिपो के कुल आवंटन में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी आरक्षित की गई है। प्रदेशभर में 2,651 राशन डिपो के लाइसेंस जारी किए जाएंगे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिले में रिक्त डिपो में से 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन डिपो के लिए केवल महिलाओं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल saralharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। पात्रता, शर्तों और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट haryanafood.gov.in पर उपलब्ध है।
राशन डिपो लेने के लिए योग्यता
डिपो के लिए आवेदन करने वाले की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक को कंप्यूटर का बुनियादी ज्ञान होना भी जरूरी है। इसके अलावा हरियाणा का निवास प्रमाणपत्र, परिवार पहचान पत्र और संबंधित गांव या वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयु प्रमाणपत्र, 12वीं की मार्कशीट, कंप्यूटर प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र सहित जरूरी दस्तावेज तैयार रखने होंगे। दुकान के मालिकाना हक या किरायानामे से जुड़े दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं। अंतिम दस्तावेज सूची के लिए आधिकारिक विज्ञापन देखना होगा।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अमित शेखावत ने बताया कि आवंटन नियमानुसार पात्र आवेदकों को किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी है। आवेदक आधिकारिक पोर्टल रं से ही आवेदन करें और सभी जानकारियां सही भरें। डिपो आवंटित होने पर लाइसेंस फीस 3 के रूप में 5,000 रुपये और सिक्योरिटी राशि के रूप में 20,000 रुपये जमा कराने होंगे। दोनों का भुगतान एकमुश्त ऑनलाइन चालान से करना होगा।
