अब एक ही दिन में करें 3 शक्तिपीठों के दर्शन, हरियाणा रोडवेज ने शुरू की खास बस सेवा
पंचकूला। अब पंचकूला और आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की सैर करना आसान होगा। श्रद्धालु और पर्यटक केवल 110 रुपये में पूरे दिन हरियाणा रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसों में सफर कर सकेंगे। इस पास की खासियत यह है कि यात्री निर्धारित रूट पर एक बस से उतरकर दूसरी बस में भी बैठ सकेंगे।
इसके लिए उन्हें दोबारा टिकट या अतिरिक्त किराया नहीं देना होगा। इससे एक ही दिन में माता मनसा देवी मंदिर, चंडी माता मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर के दर्शन और भ्रमण करना आसान होगा।
110 रुपये के पास पर दिनभर करें पंचकूला से कालका तक सफर, चार धार्मिक पर्यटन स्थल जुड़ेंगे
शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित श्री मुक्ति नाथ वेद विद्याश्रम से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ किया। यह बस सेवा सेक्टर-5 बस स्टैंड से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर, चंडी माता मंदिर और पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित काली माता मंदिर तक चलेगी। करीब 28 से 29 किलोमीटर लंबे इस रूट पर दोनों बसें प्रतिदिन छह-छह चक्कर लगाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचकूला मां शक्ति की उपासना का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को अलग-अलग धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह सुविधा शुरू की गई है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-5 स्थित हरियाणा रोडवेज के नवीनीकृत बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2070 तक देश को नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जीवनशैली (लाइफ) के संदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
