छोटे से गांव से परमाणु केंद्र तक पहुंचा निशांत, टीचर का बेटा बना न्यूक्लियर साइंटिस्ट
Success Story : मेहनत, लगन और कुछ बड़ा करने का जुनून हो तो छोटे से गांव से निकलकर भी देश के महत्वपूर्ण वैज्ञानिक संस्थानों तक पहुंचा जा सकता है। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि ये साबित कर के दिखाया है फरीदाबाद के तिगांव क्षेत्र के गांव सदपुरा निवासी निशांत वशिष्ठ ने अपनी मेहनत के दम पर ऐसा ही मुकाम हासिल किया है।
शिक्षक के बेटे निशांत का चयन बुलंदशहर स्थित नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है। निशांत की सफलता के पीछे वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के प्रति उनका समर्पण रहा है।
उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा रावल कॉन्वेंट स्कूल से प्राप्त की। इसी स्कूल से दसवीं और बारहवीं की परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), जालंधर में दाखिला लिया। यहां उन्होंने केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान निशांत ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए बीटेक में गोल्ड मेडल हासिल किया। शैक्षणिक क्षेत्र में मिली इस उपलब्धि ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया और वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपने करियर के लिए ऐसा क्षेत्र चुना, जहां तकनीकी ज्ञान के साथ देश के महत्वपूर्ण ऊर्जा क्षेत्र में योगदान देने का अवसर मिल सके।
सूरत में नौकरी के साथ जारी रखी आगे बढ़ने की तैयारी
बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद निशांत को गुजरात के सूरत स्थित कृभको (KRIBHCO) में नौकरी मिली। यहां उन्होंने काम करते हुए व्यावसायिक अनुभव हासिल किया, लेकिन उनका लक्ष्य इससे आगे बढ़कर वैज्ञानिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना था। उन्होंने अपने ज्ञान और तैयारी को जारी रखा।
इसी मेहनत का परिणाम रहा कि उनका चयन नरोरा परमाणु ऊर्जा केंद्र में न्यूक्लियर साइंटिस्ट के पद पर हो गया। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में यह उपलब्धि उनके करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव है। एक सामान्य शिक्षक परिवार से निकलकर देश के परमाणु ऊर्जा संस्थान तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक बन गया है।
पिता शिक्षक, छोटे भाई ने भी चुना इंजीनियरिंग का क्षेत्र
निशांत की इस सफलता में उनके परिवार का भी अहम योगदान रहा है। उनके पिता विजय उर्फ बिजेंद्र कुमार शिक्षक हैं, जबकि माता पूनम शर्मा गृहिणी हैं। पिता ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निशांत के छोटे भाई ध्रुव वशिष्ठ भी इंजीनियर हैं। परिवार में शिक्षा और मेहनत को दिए जाने वाले महत्व ने निशांत को अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का हौसला दिया।
गांव पहुंचने पर फूल-मालाओं से किया सम्मानित
निशांत की उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद गांव सदपुरा में खुशी का माहौल बन गया। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और सम्मानित किया। ग्रामीणों ने कहा कि निशांत ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से परिवार ही नहीं, बल्कि गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
