logo

New Toll Plaza : एयरपोर्ट का सफर होगा महंगा, 4600 करोड़ के एक्सप्रेस वे पर लगेंगे दो 2 टोल प्लाजा 

 
New Toll Plazas Travel to the airport to become costlier

New Toll Plaza : हरियाणा में फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए खबर ये है कि 4600 करोड़ रुपए के इस एक्सप्रेसवे पर दो नए टोल प्लाजा लगने जा रहे हैं। इससे उनकी जेब पर असर पड़ेगा। इससे आसपास के वाहन चालकों की समस्या बढ़ सकती है, क्योंकि थोड़ी दूरी के लिए भी उन्हें टोल देना पड़ सकता है।  

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा करीब 4600 करोड़ रुपये की लागत से 32 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। इसका 23 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 9 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में पड़ता है। यह मार्ग नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा।

अब इसके तैयार होने के बाद एक टोल हरियाणा की सीमा में मोहना से पहले और दूसरा टोल उत्तर प्रदेश की सीमा में एयरपोर्ट की सीमा में लगेगा। दोनों जगह निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। हालांकि, टोल की दरें अभी निर्धारित नहीं हुई हैं। दरें तय होने के बाद ही वाहन चालकों पर पड़ने वाले वास्तविक आर्थिक भार का आकलन हो सकेगा।

फरीदाबाद के वाहन चालक चारों तरफ टोल से घिरे

फरीदाबाद के वाहन चालकों के लिए टोल का खर्च पहले से ही एक बड़ी चिंता बना हुआ है। दिल्ली-बदरपुर सीमा और फरीदाबाद-पलवल के बीच गदपुरी टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को शुल्क देना पड़ता है। इसके अलावा केजीपी पर मौजपुर टोल प्लाजा, फरीदाबाद-गुरुग्राम मार्ग पर मांगर के पास और बल्लभगढ़-सोहना मार्ग पर धौज के नजदीक भी टोल की व्यवस्था है।

चारों तरफ टोल प्लाजाओं से फरीदाबाद के लोग घिर गए हैं। ऐसे में नोएडा की तरफ जाने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो नए टोल प्लाजा बनने से उन लोगों के खर्च में और बढ़ोतरी हो सकती है, जो नियमित रूप से अलग-अलग मार्गों से आवागमन करते हैं।

इन गांवों के वाहन चालकों ने उठाई ये मांग 

मोहना, जल्हाका, छांयसा, हीरापुर, नरहावली, बागरपुर, सोलड़ा, भोलडा, राजपुर, दोस्तपुर, बलई, थंथरी, अमरपुर और कुलैना सहित आसपास के गांवों के लोगों पर इसका ज्यादा असर पड़ने की आशंका है। इन गांवों के निवासी कम समय में बल्लभगढ़ और फरीदाबाद पहुंचने के लिए एक्सप्रेसवे का उपयोग करना चाहेंगे।

लेकिन यदि स्थानीय आवागमन पर भी टोल देना पड़ा तो तेज और सुविधाजनक सफर के साथ अतिरिक्त खर्च भी जुड़ जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि एक्सप्रेसवे का उद्देश्य आवागमन को आसान बनाना है। इसलिए आसपास के गांवों के निवासियों के लिए टोल में छूट या किसी अन्य राहत की व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।

एनएचएआई (NHAI) के परियोजना निदेशक धीरज सिंह के अनुसार, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर एक टोल प्लाजा मोहना के पास और दूसरा एयरपोर्ट के नजदीक बनाया जाएगा। आसपास के गांवों के लोगों को टोल में छूट मिलेगी या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना संभव नहीं है। टोल दरों और स्थानीय लोगों को संभावित राहत से संबंधित स्थिति मंत्रालय की संबंधित शाखा की अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।