New ration depots : इन गांवों में खुलेंगे नए राशन डिपो, महिलाओं के लिए रहेंगे आरक्षित, सूची जारी
हरियाणा में बीपीएल परिवारों को घर के नजदीक की राशन उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा नए राशन डिपो खोलने के लिए आवेदन मांगे जा रहे है। प्रदेशभर के गांवों व शहरों में खाली राशन डिपो की लिस्ट तैयार की गई है और जिला के हिसाब से इन लिस्ट को जारी किया गया है। रोहतक प्रशासन की तरफ से जिले में 79 रिक्त उचित मूल्य की दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। राशन डिपो के लाइसेंस आवंटन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
रोहतक के डीसी सतबीर सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य राशन डिपो से दूर स्थित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को राशन प्राप्त करने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना, पात्र लाभार्थियों को आवश्यक खाद्यान्न आसानी से उपलब्ध करवाना तथा युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है।
इच्छुक एवं पात्र आवेदक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल https://saralharyana.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें एवं अन्य जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट https://haryanafood.gov.in पर उपलब्ध है।
रोहतक के इन गांवों में खोली जाएगी नए राशन डिपो
डीसी सतबीर सिंह ने बताया कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में महम खंड के अजायब, बेड़वा, भैणी भैरो, भैणी सुरजन, मदीना कोरसान, मोखरा खास तथा शेखपुर तितरी गांवों में रिक्तियां हैं। सांपला खंड के अटायल, भैंसरू कलां, गढ़ी सांपला, किसरेंटी, मोर खेडी तथा नया बांस गांवों में राशन डिपो खोले जाएंगे और इनके लिए आवेदन कर सकते हैं।
रोहतक खंड के ब्राह्मणवास, बहु अकबरपुर, चमारिया, डोभ, मुंगान, नसीरपुर, रिठाल फोगाट, समर गोपालपुर, शिमली तथा ताजा माजरा में रिक्तियां हैं। लाखन माजरा खंड के बैंसी, चिड़ी, खैरैंटी, नांदल, सिसरौली तथा टिटौली गांवों में भी राशन डिपो के लाइसेंस जारी किए जाने हैं। कलानौर खंड के गुढ़ान, काहनौर, माडोधी जाटान, निगाना तथा तैमूरपुर गांवों में भी रिक्तियां उपलब्ध हैं। कुछ गांवों में एक से अधिक रिक्तियां हैं।
शहरी क्षेत्र के इन वार्डों में खोले जाएंगे राशन डिपो
डीसी सतबीर सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में रोहतक, सांपला, महम तथा कलानौर के विभिन्न वार्डों में भी उचित मूल्य की दुकानों के लिए रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इनमें रोहतक नगर निगम के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 6, 7, 10, 15, 16, 17 और 18 तथा सांपला, महम और कलानौर के संबंधित वार्ड भी शामिल हैं। आवेदक वार्डवार रिक्तियों एवं महिला आरक्षण के विस्तृत विवरण के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट अथवा जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध सूची देख सकते हैं।
उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अपील की कि वे आवेदन करने से पहले निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें और अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 से पहले अपना आवेदन ऑनलाइन जमा करवाएं। इस पहल से पात्र परिवारों तक राशन की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ जिला में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इन गांव के राशन डिपो होंगे महिलाओं के लिए आरक्षित
डीसी ने बताया कि जिले में 33 प्रतिशत राशन डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए है। इन राशन डिपो को महिलाओं को ही दिया जाएगा। जारी सूची के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में रोहतक खंड के ब्राह्मणवास, डोभ, रिठाल फोगाट, मुगांण एवं ताजामाजरा, महम खंड के बेड़वा एवं शेखपुर तितरी, सांपला खंड के भैंसरू कलां, नया बांस एवं किसरेंटी, कलानौर खंड के कहनौर एवं माडोधी जाटान गांव में महिलाओं के लिए आरक्षित रिक्तियां है। जबकि शहरी क्षेत्र में रोहतक नगर निगम के वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 6, 7, 10, 16 और 18, कलानौर नगर पालिका के वार्ड नंबर 10, 11 और 15, महम नगर पालिका के वार्ड नंबर 5 में महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।
