logo

गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार ने पकड़ी अब रफ़्तार, बिजली पोल समेत अन्य समस्याओं का निकला समाधान 

gurugram Metro Project : गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण  यानी जीएमडीए द्वारा बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
 
गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार ने पकड़ी अब रफ़्तार

gurugram Metro Project : ओल्ड गुरुग्राम को मेट्रो रेल से जोड़ने की परियोजना में तेजी लाई जा रही है। इस नेटवर्क को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण  यानी जीएमडीए द्वारा बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके तहत गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो गलियारा तैयार किया जाना है। 


इस परियोजना को लेकर बिजली की हाईटेंशन लाइन बड़ी बाधा बन रही हैं।


अब इन सभी बाधाओं को दूर किया जा रहा है। इसके लिए जल्द ही ऐसे सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, जो लंबित हैं। यह परियोजना गुरुग्राम में मेट्रो रेल के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

परियोजना को पूरा करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ पीसी मीणा की अध्यक्षता समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इसमें साफ हुआ कि इस कार्य को पूरा करने में फिलहाल कोई बड़ी बाधा सामने नहीं आ रही है। हालांकि उन्होंने निर्देश दिए गए अधिकारी ऐसे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें, जो लंबित हैं। 

 

3 बिजली फीडरों को किया जाना है शिफ्ट


इस परियोजना को पूरा करने के लिए हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक कई बिजली उपकेंद्र रास्ते में आ रहे हैं। इनमें से 6 को शिफ्ट कर दिया गया है, जबकि 3 को अभी शिफ्ट करना है। इसके लिए प्रक्रिया जारी है। इसको लेकर जीएमडीए के सीईओ ने निर्देश दिए कि गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के अधिकारी बिजली निगम और वितरण कंपनियों के साथ समन्वय करें। इससे बचे हुए कार्यों को तय समय सीमा पर पूरा किया जा सके।


 

दिल्ली और नए गुरुग्राम से होगा बेहतर संपर्क


इस परियोजना से मेट्रो के माध्यम से ओल्ड गुरुग्राम का संपर्क नए गुरुग्राम और दिल्ली से बेहतर होगा। इससे सड़कों पर लगने वाले जाम से तो राहत मिलेगी ही, साथ ही प्रदूषण के स्तर में भी कमी आएगी। क्योंकि  हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो लाइन पर काम किया जाना है। 


 

इस मेट्रो लाइन के शुरू होने से ओल्ड गुरुग्राम में सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही पीक समय में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 का कार्य होना है।

इसमें करीब 15 किलोमीटर लंबी लाइन डाली जानी है। इससे सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-10, सेक्टर-37 और बसई जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक मेट्रो की पहुंच जो जाएगी।