logo

Jind news : दशहरे पर कड़ी सुरक्षा, 6 DSP, 12 नाके, 250 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी 

 
Jind News Tight security for Dussehra; 6 DSPs, 12 checkpoints, and 250 police personnel deployed.

Jind news : हरियाणा के जींद में दशहरा पर्व पर सुरक्षा को लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस ने छह डीएसपी, 12 थाना प्रभारी के अलावा 250 अन्य पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर 15 नाके भी लगाए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस लाइन में एक रिजर्व प्लाटून भी तैनात की गई है।

जाम लगने की स्थिति में क्रेन, फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस की भी व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने नागरिकों को दशहरा पर्व की बधाई देते हुए कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में छह डीएसपी, 12 थाना प्रभारियों समेत संबंधित थानों की पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।

वहीं 12 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।  सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिलेभर में 15 विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां प्रत्येक नाके पर 6-6 पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। 250 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की अलग से ड्यूटी लगाई गई है।

किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस लाइन में एक प्लाटून रिजर्व रखी गई है, जबकि एक इंस्पेक्टर को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया है। दशहरा पर्व के दौरान प्रमुख बाजारों, दशहरा आयोजन स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

इसके अतिरिक्त सादे कपड़ों में महिला व पुरुष पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।प्रत्येक दशहरा आयोजन स्थल व उपमंडल स्तर पर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन की अलग से व्यवस्था की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

एसपी ने आमजन से अपील की है कि वह अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, यातायात नियमों का पालन करें व ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों का सहयोग करें। दशहरा पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम व सद्भाव के साथ मनाएं।