logo

Jind news : विजयदशमी पर जींद में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, बाइक रैली में उमड़ा युवाओं का सैलाब

 
Jind News Rashtriya Arya Kshatriya Sabha Bike Rally

Jind news : जींद। दशहरा के मौके पर मंगलवार को आर्य महासंघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा जींद की ओर से युवा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक एकलव्य स्टेडियम में स्वराज्य यज्ञ के साथ कार्यक्रम हुआ।

इसके बाद मुख्यातिथि आर्य सुरेंद्र किनाना और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और समाज में जागरूकता लाने का आह्वान किया।

आचार्य कुलवीर ने युवाओं को राष्ट्र रक्षा के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य कुलवीर ने अपनी ओजस्वी वाणी से युवाओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण जैसे महापुरुषों का विशेष स्थान है। क्षत्रिय परंपरा को राष्ट्र की रक्षा और सुरक्षा से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जब तक देश में यह परंपरा मजबूत रही, तब तक भारत विश्वगुरु के रूप में प्रतिष्ठित रहा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की संस्कृति, गौरव और राष्ट्रीय मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।

Jind News Rashtriya Arya Kshatriya Sabha Bike Rally

विजयदशमी केवल पर्व नहीं, पूर्वजों की परंपरा का प्रतीक : सुरेंद्र किनाना

मुख्यातिथि आर्य सुरेंद्र किनाना ने कहा कि विजयदशमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आर्य पूर्वजों की परंपरा और आदर्शों को याद करने का अवसर है। देश के प्रत्येक युवक और युवती को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए करोड़ों क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी।

युवाओं को उनके त्याग, साहस और देशभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा का उद्देश्य युवाओं में क्षत्रियत्व, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना जागृत करना है। इसके लिए समाज में जागरूकता लाने वाले कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

Jind News Rashtriya Arya Kshatriya Sabha Bike Rally (2)

समाज को जागृत करने के लिए निरंतर कार्य करेगी सभा : कुलदीप
राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा जींद के अध्यक्ष आर्य कुलदीप ने कार्यक्रम में शामिल हुए अतिथियों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करती रहेगी।

इस मौके पर आर्य राजेश किनाना, दीपक शास्त्री, आर्य कुलविंद्र खटक, राकेश बूरा, मास्टर जयकिशन, राजबीर मोरखी, प्रदीप शर्मा, उपाचार्य नरेंद्र, विनोद गर्ग, विनोद लाठर, दीपक सिहाग, सुखदेव नरवाना और प्रोफेसर सोनू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

Jind News Rashtriya Arya Kshatriya Sabha Bike Rally (2)