हरियाणा में बेटी की शादी की रस्म बनी आकर्षण, घोड़ी पर सवार होकर डॉ.वर्षा का निकाला बनवारा
Haryana news : हरियाणा में बेटी डॉ. वर्षा की शादी से पहले घोड़ी पर बैठाकर मंगलगीत गाते हुए बनवारा निकालना चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार ने परंपरा के अनुसार बेटी को घोड़ी पर बैठाकर बनवारा निकाला। महिलाओं ने मंगलगीत गाए और ढोल की थाप पर नृत्य कर शादी की खुशियां मनाईं।
नारनौल में गोविंद राम गुप्ता (मांदी वाले) के घर बेटी डॉ. वर्षा गुप्ता की शादी से पहले मंगलवार को बनवारे की रस्म आयोजित की गई। पूरे आयोजन में हरियाणा की पुरानी विवाह परंपराओं की झलक देखने को मिली।
डॉ. वर्षा गुप्ता का विवाह 20 नवंबर 2026 को दिल्ली के नांगलोई निवासी देवेश गर्ग के साथ होना तय है। देवेश गर्ग दिल्ली नगर निगम (MCD) में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। शादी को लेकर परिवार में तैयारियां चल रही हैं और रिश्तेदारों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
परंपरा और खुशियों के रंग में रंगा परिवार
बनवारा हरियाणा की पारंपरिक विवाह रस्मों में शामिल है, जिसमें शादी से पहले परिवार के लोग एकजुट होकर उत्सव मनाते हैं। इस रस्म के जरिए विवाह की खुशियां बांटी जाती हैं और बेटी के नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी जाती हैं।
मंगलगीतों, पारंपरिक नृत्य और परिजनों की मौजूदगी के बीच डॉ. वर्षा का बनवारा उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने होने वाले नवदंपती को सुखद एवं खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
