logo

हरियाणा में बिना मुआवजे ली जमीन तो सरकार को देना होगा पैसा, हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

 
हरियाणा में बिना मुआवजे ली जमीन तो सरकार को देना होगा पैसा, हाईकोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

High court news : पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि उचित कानूनी प्रक्रिया और मुआवजे के बिना सार्वजनिक निर्माण के लिए निजी भूमि का उपयोग नहीं किया जा सकता, भले ही उस पर दशकों से कब्जा क्यों न हो।

जस्टिस विकास बहल और जस्टिस दिव्या शर्मा की खंडपीठ ने कुरुक्षेत्र झांसी सड़क निर्माण में बिना अधिग्रहण इस्तेमाल हुई पुश्तैनी जमीन के मालिकों को मुआवजा देने का आदेश दिया है। कोर्ट ने संपत्ति के अधिकार को संवैधानिक एवं मानवीय अधिकार बताते हुए कहा कि अनुच्छेद 300-ए के तहत मिली सुरक्षा को लंबे सरकारी कब्जे के आधार पर खत्म नहीं किया जा सकता।

बिना संपत्ति की सुरक्षा के स्वतंत्रता अर्थहीन है। पीठ ने सरकार की उस दलील को रद्द कर दिया, जिसमें पूर्वजों द्वारा मौखिक सहमति से भूमि देने की बात कही थी। आदेश के अनुसार, मौजूदा कलेक्टर रेट को बाजार मूल्य मानते हुए 100% अतिरिक्त मुआवजा और फैसले की तारीख से 12% ब्याज देना होगा।

सरकार को 3 माह में जमीन का सीमांकन कर अगले पांच महीनों में मुआवजा तय करना होगा और एक महीने के भीतर भुगतान सुनिश्चित करना होगा। मुआवजा मिलने के बाद जमीन मालिक सरकार के पक्ष में रजिस्टर्ड सेल डीड करेंगे और भविष्य में कोई अतिरिक्त दावा नहीं करेंगे।

क्या है मामला
मामला कुरुक्षेत्र जिले के दर्रा कलां गांव का है। कई याचिकाओं में कोर्ट को बताया कि उनकी पैतृक भूमि के हिस्से का इस्तेमाल कुरुक्षेत्र झांसी मार्ग के निर्माण में हुआ, पर न तो भूमि का अधिग्रहण किया गया व न ही कोई मुआवजा दिया गया।