HSSC : हरियाणा में होगी 8 हजार पदों पर नई भर्ती, सीईटी स्टेज-2 परीक्षा पर भी बड़ी अपडेट
HSSC News update : चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की ओर से करीब 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सीईटी स्टेज-2 परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए करीब 8,000 पदों पर नई भर्तियों का विज्ञापन भी जल्द जारी किया जाएगा।
सीईटी स्टेज-2 परीक्षा के आयोजन की तैयारियों के तहत परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। HSSC आयोग के सदस्य सुभाष चंद्र ने बुधवार को टीम के साथ पंचकूला जिले के कालका- पिंजौर क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं व आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया शीघ्र ही पंचकूला जिले के साथ-साथ अन्य जिलों में भी परीक्षा व केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के बाद संबंधित कमेटी द्वारा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाते हुए परीक्षा आयोजन की आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि परीक्षा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे भर्ती एवं परीक्षा से संबंधित आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। आयोग की ओर से आगामी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी समय-समय पर आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी।
