logo

हरियाणा रोडवेज के इस डिपो में कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, 7 मांगों पर बनी सहमति

 
हरियाणा रोडवेज  सिरसा डिपो में कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, 7 मांगों पर बनी सहमति

Haryana roadways Strike cancelled : हरियाणा रोडवेज के सिरसा डिपो में लंबित भत्तों और अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों की ओर से की जा रही हड़ताल सोमवार शाम 5 बजे समाप्त हो गई। दो दिन तक बसों का चक्का जाम रहने के बाद रोडवेज प्रबंधन ने कर्मचारियों की सात मांगों पर लिखित जवाब जारी करते हुए भुगतान का समय निर्धारित किया है। 

प्रबंधन ने दो दिन में रात्रि भत्ते और मई 2026 के ओवरटाइम का भुगतान करवाने का भरोसा दिया है। वहीं, 13 लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान 2 नवंबर को करने और अगस्त 2026 तक के ओवरटाइम का बकाया नवंबर के अंत तक देने की बात कही है। लिखित आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। हड़ताल के दूसरे दिन सोमवार को भी बसों का संचालन ठप रहने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

डिपो जीएम ने पुलिस लाइन से बसें चलवाने का प्रयास किया और कुछ बसों का संचालन भी करवाया, लेकिन सामान्य बस सेवा बहाल नहीं हो सकी। दूसरे डिपो की बसें और निजी बसें रूटों पर चलती रहीं। इसका फायदा निजी बस संचालकों को मिला। वहीं, ग्रामीण रूटों पर स्कूली बच्चों के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल बसें भी नहीं पहुंचीं विद्यार्थियों को निजी वाहनों और अन्य साधनों से स्कूल-कॉलेज पहुंचना पड़ा।

तीन दौर की वार्ता के बाद भी नहीं बनी थी मांगों को लेकर सहमति हड़ताल के दौरान सोमवार को डिपो जीएम ने कर्मचारियों के साथ तीन दौर की वार्ता की, लेकिन शुरुआत में सहमति नहीं बन पाई। कर्मचारी हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के बैनर तले वर्कशॉप गेट पर धरने पर बैठे रहे। 

कर्मचारियों का आरोप था कि वर्ष 2024 से नाइट अलाउंस, छह महीने से ओवरटाइम और 11 साल से बोनस का भुगतान लंबित है। सांझा मोर्चा के प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी। प्रबंधन की ओर से सात मांगों पर लिखित जवाब और भुगतान का समय निर्धारित किए जाने के बाद शाम 5 बजे हड़ताल समाप्त कर दी गई।

मेडिकल बिलों के भुगतान में तेजी 13 बिल खजाना कार्यालय भेजे
मेडिकल बिलों के संबंध में प्रबंधन ने बताया कि 13 बिलों की राशि भुगतान के लिए खजाना अधिकारी कार्यालय भेजी गई है। इनका भुगतान 2 नवंबर को कर्मचारियों के खातों में करवाया जाएगा। वहीं, अप्रैल 2026 में संचालित रूट रोटेशन में बदलाव की प्रक्रिया जारी है।

आगामी तीन दिनों में जीएमएस में रोटेशन अपडेट करने की बात कही गई है। मार्च से जून 2026 तक लोकल मार्गों पर संचालित बसों के ओवरटाइम भुगतान की स्वीकृति भी अधिकृत अधिकारी से मिलने की जानकारी दी गई है।

रात्रि भत्ते के लिए दो दिन और ओवरटाइम नवंबर तक मिलेगा महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार जुलाई 2025 तक का रात्रि भत्ता कर्मचारियों को दिया जा चुका है। अगस्त से दिसंबर 2025 तक के रात्रि भत्ते के बिल खजाना अधिकारी को भेजे गए हैं। 15 से अधिक कर्मचारियों के बिल मुख्यालय को दोबारा भेजे गए हैं।

मुख्यालय स्तर पर कार्रवाई के बाद दो दिन में राशि खातों में डलवाने का भरोसा दिया गया है। एलटीसी के तहत 21 लाख 74 हजार 472 रुपये का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। शेष कर्मचारियों की एलटीसी राशि के लिए मुख्यालय से संपर्क किया जा रहा है। अप्रैल 2026 तक का ओवरटाइम दिया जा चुका है, जबकि मई का भुगतान दो दिन में और अगस्त तक का शेष ओवरटाइम नवंबर के अंत तक देने का आश्वासन दिया गया है।