logo

Haryana news : बिजली निगम समेत इन विभागों के कर्मियों पर गिरेगी गाज, DC ने थमाए नोटिस

 
Haryana news  बिजली निगम समेत इन विभागों के कर्मियों पर गिरेगी गाज, DC ने थमाए नोटिस

Haryana news : सीएम विंडो की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर अब गाज गिरने जा रही है। क्योंकि जींद की डीसी डा. वैशाली शर्मा ने इसको लेकर कड़ा रूख अपना लिया है। डीसी द्वारा ऐसे अधिकारियों को शो-काॅज नोटिस जारी किए हैं, जो सीएम विंडो की शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे थे।

इसको लेकर डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने सोमवार को सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों के निवारण में लापरवाही एवं संतोषजनक कार्य न करने पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। शो-कॉज नोटिस जारी किए हैं।

जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किए हैं, उनमें नरवान व जुलाना के बीडीपीओ, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम जींद के कार्यकारी अभियंता, जीएम टेलीकॉम जींद, नगर पालिका उचाना के सचिव, एसबीआई बैंक के मैनेजर, आधार कार्ड के जिला कोऑर्डिनेटर, जीएम हैफड और लोक निर्माण विभाग जींद के कार्यकारी अभियंता शामिल हैं।

डीसी डा. वैशाली शर्मा ने साफ किया कि सीएम विंडो आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को इस पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाने का अधिकार है और संबंधित अधिकारी का यह दायित्व है कि वह शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समयावधि में उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करना जरूरी है।

शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सीएम विंडो की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें।  शिकायतकर्ता की समस्या को पूरी गंभीरता से समझते हुए उसका स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करवाएं।

उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर शिकायत का निपटारा दर्शा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाधान से संबंधित एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, ताकि की गई कार्रवाई और शिकायत के वास्तविक समाधान की स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि सीएम विंडो सरकार और आमजन के बीच संवाद का एक प्रभावी एवं पारदर्शी माध्यम है। इस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की निगरानी स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा उच्च स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाती है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उनके निवारण में जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाए रखें।

डीसी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों के निपटारे में लापरवाही, ढिलाई अथवा निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।