हरियाणा के 2,227 अग्निवीरों के लिए बदलेगा नौकरी का गणित, सरकार की बदलेगी प्लानिंग
Haryana Agniveer Reservation : अग्निवीरों को दो साल का और सेवा विस्तार करने के बाद हरियाणा में सरकार को फिलहाल आरक्षण को लेकर नए सिरे से प्लानिंग करनी पड़ सकती है। क्योंकि सरकार ने नवंबर में चार वर्ष की सेवा पूरी कर वापस आने वाले 2,227 अग्निवीरों को नौकरी में आरक्षण को लेकर नए सिरे से प्लानिंग कर ली थी, हालांकि केंद्र ने सेवा विस्तार के लिए अग्निवीर की सहमति का विकल्प रखा है।
हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी घोषणा कर चुके हैं कि सभी पूर्व अग्निवीरों को राज्य में आते ही सरकारी नौकरियों के लिए ज्वॉइनिंग लेटर देने की योजना है। इसके तहत ग्रुप-बी में एक प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। लिखित परीक्षा भी जारी रखी गई।
हालांकि ग्रुप-सी की नौकरियों में 5 प्रतिशत तो इसी कैटेगरी की पुलिस कांस्टेबल, वन रक्षक, जेल वार्डर, माइनिंग गार्ड, वाइल्डलाइफ गार्ड और फायर ऑपरेटर-सह-ड्राइवर जैसे चिह्नित विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रखा गया है।
ग्रुप-सी की सीधी भर्ती में लिखित परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण और शारीरिक जांच परीक्षण से छूट दी गई है। सामान्य पात्रता परीक्षा सीईटी से भी छूट का प्रावधान किया गया है।
