हरियाणा के बुजुर्गों को फ्री में वाराणसी यात्रा करवाएगी सरकार, शुरू की खास योजना
हरियाणा में रहने वाले बुजुर्गों के लिए बहुत ही अच्छी खबर है। क्योंकि हरियाणा सरकार अपनी खास योजना के तहत 60 साल या इससे अधिक उम्र वाले बुजुर्गों को अपने खर्च पर वाराणसी यात्रा करवाएगी। तो यदि आप भी हरियाणा के रहने वाले हैं और उम्र 60 साल से अधिक है तो इस यात्रा के लिए तैयारी कर लें।
गौरतलब है कि वाराणसी यानी बनारस अपनी खास धार्मिक पहचान रखता है। यह प्राचीन आध्यात्मिक केंद्र के साथ यहां के गंगा के घाटों के लिए जाना जाता है। यह शहर भगवान शिव के काशी विश्वनाथ मंदिर के कारण काफी प्रसिद्ध है। इसके पास ही सारनाथ भी है, जहां भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था।
ऐसे में वाराणसी की यह यात्रा बहुत ही खास होने वाली है। यह यात्रा हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत करवा रही है। यात्रा पूरी तरह से फ्री रहेगी। सरकार की योजना है कि दिसंबर या जनवरी महीने में इसे लिए विशेष रेलगाड़ी चलाई जाएगी।
इस यात्रा के लिए बुजुर्गों से पहले आवेदन मांगे जाएंगे। यह आवेदन हरियाणा सरकार के खास पोर्टल पर होंगे, जहां पात्र बुजुर्ग अपना आवेदन कर सकते हैं। सरकार के अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए पोर्टल जल्द ही खोल दिया जाएगा। हरियाणा सरकार की इस यात्रा के दौरान योजना है कि श्रद्धालुओं को वाराणसी के खास तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएं।
हरियाणाा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। इसको लेकर आइआरसीटीसी के अधिकारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। उन्होंने बताया कि वाराणसी यात्रा के लिए चलने वाली इस विशेष रेलगाड़ी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
क्या है पात्रता की शर्त
इस यात्रा में भाग लेने के लिए सबसे पहले शर्त है कि यात्री की उम्र 60 साल या इससे अधिक हो। यह यात्रा हरियाणा के लोगों के लिए है। साथ ही इस यात्रा का लाभ उन बुजुर्गों को मिलेगा, जिनके परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख तक होगी। इसी योजना के तहत प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों बुजुर्गों को अयोध्या और महाराष्ट्र के श्री हजूर साहिब नांदेड़ की यात्रा भी करवाई थी।
