जींद से अमृतसर के लिए सीधी रोडवेज बस शुरू, देखें टाइमटेबल व किराया
Jind to Amritsar Roadways bus time : हरियाणा रोडवेज के जींद डिपो द्वारा अमृतसर के लिए रोडवेज की बस सेवा शुरू की जा रही है। दरअसल एक महीने पहले सफीदों से अमृतसर के लिए शुरू की गई थी, अब इस बस को जींद से चलाने की तैयारी है।
पहले यह बस सफीदों से सुबह सात बजे चलकर वाया असंध, कैथल, चीका, पटियाला होकर लगभग 10 घंटे में वहां अमृतसर पहुंचती थी और अगले दिन सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर जींद के लिए रवाना होती थी।
यात्रियों की संख्या कम होने के कारण अब इस बस को जींद से सुबह छह बजे चलाया जाएगा। जींद से सुबह छह बजे बस चलकर सफीदों पहुंचेगी। सात बजे सफीदों से बस रवाना होगी और इसके बाद बस पहले वाले रूट से होते हुए असंध के रास्ते अमृतसर के लिए जाएगी।
जींद से वाया सफीदों होकर अमृतसर की दूरी लगभग 416 किलोमीटर है किराया 550 रुपये लगेगा। अब जींद से सफीदों, असंध, कैथल, चीका, पटियाला होकर लगभग 11 घंटे में बस वहां पहुंचेगी। इसके अलावा एक और बस जींद से अमृतसर के लिए जाती है, जो सुबह साढ़े नौ बजे अमृतसर के लिए रवाना होती है, जो वाया संगरूर और पातड़ा के रास्ते अमृतसर पहुंचती है।
ऐसे में जींद से अमृतसर जाने के लिए अब जींद के यात्रियों को दो विकल्प मिल जाएंगे। वहीं जींद से बस चलने पर वाया सफीदों के रास्ते अमृतसर जाने वाली बस में भी रोडवेज को यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद रहेगी।
जींद बस स्टैंड के डीआई सुनील पूनिया ने बताया कि पहले जो बस सफीदों से अमृतसर के लिए शुरू की गई थी, अब उसे जींद से चलाया जाएगा। जींद से सुबह छह बजे बस चलकर सफीदों जाएंगी और पहले की तरह सात बजे सफीदों से वाया असंध, कैथल, पटियाला के रास्ते अमृतसर जाएगी। सफीदों से अमृतसर के लिए यात्री कम जा रहे थे। जींद से बस चलाने पर उम्मीद है कि बस में यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
