हरियाणा के इस बस स्टैंड पर शुरू हुआ डीजल पंप, 5 KM का चक्कर खत्म, समय पर चलेंगी बसें
Jind bus stand : हरियाणा के जींद में पांडू पिंडारा स्थित नए बस स्टैंड पर वर्कशाप परिसर में रोडवेज का डीजल पंप शुरू हो गया है। इससे रोडवेज कर्मचारियों के साथ-साथ यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है। अब जींद उपकेंद्र की बसों को डीजल भरवाने के लिए पांच किलोमीटर दूर गोहाना रोड स्थित निजी पेट्रोल पंप पर नहीं जाना पड़ेगा।
इससे बसों के संचालन में लगने वाला अतिरिक्त समय बचेगा और यात्रियों को भी निर्धारित समय पर बसें उपलब्ध हो सकेंगी। दरअसल पांडू पिंडारा में नए बस स्टैंड की शुरुआत मार्च 2022 में हुई थी। जींद उपकेंद्र की रोडवेज बसों को डीजल भरवाने के लिए गोहाना रोड स्थित निजी पंप पर जाना पड़ता था।
कई बार बसों में यात्रियों को बैठाने के बाद चालक और परिचालक डीजल भरवाने के लिए बस को पंप पर ले जाते थे। ऐसे में यात्रियों को 10 से 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ता था। इसके चलते बसों के गंतव्य तक पहुंचने में भी देरी होती थी। अब बस स्टैंड परिसर में ही डीजल पंप शुरू होने से इस समस्या का समाधान हो गया है।
जींद रोडवेज डिपो में वर्तमान में 165 बसें हैं। इनमें 37 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत संचालित हो रही हैं। इन बसों में से 100 से अधिक बसें जींद उपकेंद्र के अधीन हैं, जबकि शेष बसें सफीदों और नरवाना उपकेंद्र में संचालित होती हैं। पहले जींद उपकेंद्र की बसों को डीजल भरवाने के लिए शहर से दूर जाना पड़ता था। इससे बसों के संचालन और समय-सारिणी पर असर पड़ता था। अब नए पंप से बसों में डीजल भरवाने की प्रक्रिया आसान होगी।
समय पर बसों का संचालन होगा आसान
डीजल पंप शुरू होने से बसों को डीजल भरवाने के लिए अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे न केवल डीजल भरवाने में लगने वाला समय बचेगा, बल्कि बसों के फेरों और समय-सारिणी को भी बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा। यात्रियों को भी बसों में बैठने के बाद डीजल भरवाने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खासकर लंबी दूरी के रूटों पर जाने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा।
डीजल पंप हुआ शुरू
नए बस स्टैंड पर डीजल पंप शुरू होने से रोडवेज बसों के संचालन में काफी सुविधा होगी। पहले बसों को डीजल भरवाने के लिए गोहाना रोड स्थित निजी पंप तक जाना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी होती थी। अब बस स्टैंड पर ही डीजल उपलब्ध होने से बसों का समय बचेगा और यात्रियों को भी अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इससे बसों का संचालन अधिक सुचारू हो सकेगा।
--राहुल जैन, रोडवेज महाप्रबंधक जींद डिपो।
