DHBVN का नया फरमान, ट्रांसफार्मर से लेकर बिजली चोरी तक अधिकारियों की जवाबदेही तय
DHBVN new order : बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान में देरी और खराब ट्रांसफार्मर के कारण होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने नई कार्ययोजना तैयार की है।
निगम ने अब खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए समयसीमा निर्धारित कर दी है। नए निर्देशों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने पर दो घंटे के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के अंदर उसे बदला जाएगा। इसके लिए बिजली निगम के प्रत्येक सब-डिविजन में ट्रांसफार्मर बैंक और मोबाइल ट्रॉली की व्यवस्था की जाएगी।
निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रांसफार्मर बदलने के लिए पर्याप्त संसाधन और वाहन पहले से उपलब्ध रखे जाएं। विशेष रूप से गर्मी और धान के सीजन में बिजली की मांग बढ़ने पर अतिरिक्त वाहनों और ठेकेदारों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी। इससे किसानों को ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए खुद वाहन का इंतजाम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बिजली चोरी के मामलों में भी तय होगी जवाबदेही
निगम ने बिजली चोरी के मामलों में कानूनी कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। अब एफआईआर दर्ज होने के तीन महीने के भीतर संबंधित मामले का चालान न्यायालय में पेश करना अनिवार्य होगा। पुराने लंबित मामलों को एक महीने के अंदर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
विजिलेंस विंग को पहली बार बिजली चोरी करने, जुर्माना भरकर मामला निपटाने और दोबारा अपराध करने वाले उपभोक्ताओं का अलग-अलग रिकॉर्ड तैयार करना होगा।
बकाया बिल की वसूली के लिए अपनाएंगे सख्त तरीका
जिन उपभोक्ताओं ने स्थायी रूप से बिजली कनेक्शन कटवा लिया है, लेकिन उनका बिल बकाया है, उनसे अब लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत वसूली की जाएगी। इसके लिए संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर तहसीलदारों के माध्यम से कार्रवाई होगी।
वहीं स्थायी रूप से डिस्कनेक्ट किए गए परिसरों की जांच के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी बनाई जाएगी। यदि ऐसे परिसर में नियमों के विरुद्ध दूसरा कनेक्शन चलता मिला तो उसे तुरंत काटा जाएगा।
सरकारी इमारतों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य
बिजली निगम ने सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की समयसीमा भी तय की है। अगले एक साल में सभी सरकारी भवनों पर सोलर सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस योजना में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बिजली निगम के शीर्ष तीन सर्कलों को सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा को रूफटॉप सोलर योजना में देश में पहला स्थान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
सब-स्टेशनों की व्यवस्था सुधारने पर भी जोर
एमडी ने बिजली सब-स्टेशनों के अपग्रेडेशन, जलभराव से बचाव और वैकल्पिक बिजली आपूर्ति की व्यवस्था मजबूत करने को कहा है। इसके अलावा अर्थिंग, लाइटनिंग अरेस्टर और जीओ स्विच से जुड़े लंबित कार्य भी प्राथमिकता से पूरे करने होंगे।
बिजली मंत्री अनिल विज 9 दिसंबर को दोनों बिजली वितरण निगमों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इससे पहले अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों और प्रदर्शन मानकों में सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
