logo

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से जुड़े मामले में 8 किसानों को राहत, कोर्ट से बरी

 
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से जुड़े मामले में 8 किसानों को राहत, कोर्ट से बरी

Haryana news : तत्कालीन उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को काले झंडे दिखाने और खटकड़ टोल बाधित करने के मामले में नरवाना अदालत ने आठ किसानों को बरी कर दिया है। बरी हुए किसानों में सतबीर पहलवान भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अदालत ने सुनवाई के बाद उनके पक्ष में फैसला सुनाया।

सतबीर पहलवान के अनुसार, 23 मार्च 2022 को दुष्यंत चौटाला ने उचाना में मैराथन का आयोजन किया था। उस दौरान उन्हें काले झंडे दिखाने के आरोप में पुलिस ने कई किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी प्रकरण में खटकड़ टोल बाधित करने का आरोप भी लगाया गया था। मामला नरवाना अदालत में विचाराधीन था।

सतबीर पहलवान ने बताया कि वे काले झंडे दिखाने की घटना में शामिल नहीं थे, लेकिन पुलिस ने उनका नाम एफआईआर में शामिल कर लिया था। सोमवार को अदालत में उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि घटना के समय की तस्वीरें देखी जा सकती हैं, जिनमें वे मौजूद नहीं हैं। उनके मुताबिक, अदालत ने तस्वीरों सहित मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद उन्हें बरी कर दिया।

इस मामले में सतबीर पहलवान के साथ नरेंद्र गतौली, प्रदीप सिहाग जुलाना, कविता खरकरामजी, प्रियंका खरकरामजी, सुशील नरवाल चांदपुर, संदीप बडौदा और ओम प्रकाश शादीपुर को भी बरी किया गया है। फैसले के बाद सतबीर पहलवान ने कहा कि अदालत के निर्णय से उन्हें राहत मिली है।