logo

नर्सिंग कॉलेज का निर्माण शुरू, 40 करोड़ होंगे खर्च, महिला कॉलेज के लिए 8.28 करोड़ के टेंडर जारी 

 
सफीदों नर्सिंग कॉलेज का निर्माण शुरू, 40 करोड़ होंगे खर्च, महिला कॉलेज के लिए 8.28 करोड़ के टेंडर जारी 

Safidon news : हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में शिक्षा के क्षेत्र में दो बड़ी परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ा है। विधायक रामकुमार गौतम के प्रयासों से सफीदों में लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कालेज का निर्माण शुरू हो चुका है।

वहीं, गांव जामनी में राजकीय महर्षि जमदग्नि महिला कालेज के निर्माण के लिए आठ करोड़ 28 लाख 26 हजार रुपये की लागत का टेंडर जारी किया गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों, को उच्च और तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।

ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की जरूरत कम होगी और उन्हें नजदीक ही शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। लंबे समय से प्रशासनिक प्रक्रियाओं और अन्य कारणों के चलते दोनों कालेजों की परियोजनाएं आगे नहीं बढ़ पा रही थीं।

विधायक रामकुमार गौतम ने विधानसभा में क्षेत्र की आवाज उठाई और सरकार के समक्ष इन परियोजनाओं को प्रमुखता से रखा। उनके प्रयासों के बाद पहले नर्सिंग कालेज का निर्माण शुरू हुआ और अब जामनी महिला कालेज के लिए टेंडर जारी किया गया है।

बेटियों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
नर्सिंग कालेज से युवाओं को चिकित्सा और नर्सिंग शिक्षा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जामनी में महिला कालेज बनने से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा का बेहतर विकल्प मिलेगा। इससे शिक्षा के स्तर को बढ़ावा मिलेगा और बेटियों के आत्मनिर्भर बनने की राह मजबूत होगी।