logo

हरियाणा में BPL परिवारों को सस्ता मिलेगा सरसों का तेल, बाजार के मुकाबले 170 रुपये तक की बचत

 
हरियाणा में BPL परिवारों को सस्ता मिलेगा सरसों का तेल, बाजार के मुकाबले 170 रुपये तक की बचत

Haryana BPL ration mustard oil : हरियाणा में बीपीएल और अंत्योदय परिवारों के लिए नई खबर सामने आ रही है। राशन कार्ड होल्डर उपभोक्ताओं को अब सस्ता सरसों का तेल मिलेगा। बाजार के मुकाबले उपभोक्ताओं को 170 रुपए तक की बचत होगी। दरअसल बीपीएल और अंत्योदय अन्न योजना (AAY) परिवारों को राशन डिपो पर 30 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से फोर्टिफाइड सरसों का तेल मिलेगा। 

अगर बाजार की बात करें तो सरसों का तेल बाजार में 200 रुपए प्रति लीटर तक मिल रहा है। हालांकि पहले दो लीटर की एक बोतल प्रति राशन कार्ड के हिसाब से हर माह मिलती थी लेकिन पिछले माह सरकार ने राशन वितरण प्रक्रिया में बदलाव कर दिया और घर के सदस्यों की संख्या के हिसाब से सरसों के तेल की मात्रा निर्धारित कर दी। 

16 अक्तूबर 2026 को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय, हरियाणा द्वारा एक पत्र जारी किया गया, जिसमें किस परिवार को कितना तेल मिलेगा और कितना अनाज मिलेगा, इसके बारे में स्पष्ट किया गया है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग के नियमों के मुताबिक राशन कार्ड होल्डर के जिस परिवार में दो सदस्य हैं, उन्हें 500 एमएल यानि आधा लीटर सरसों का तेल मिलेगा।

जिन परिवारों में तीन, चार, पांच और छह तक सदस्य हैं, उन्हें एक लीटर सरसों का तेल मिलेगा और जिन परिवारों में सात से ज्यादा सदस्य हैं, उन परिवारों को डेढ़ लीटर सरसों का तेल मिलेगा। पहले एकमुश्त 2 लीटर की सरसों की तेल की बोतल मिलती थी लेकिन अब 3 क्वांटिटी में यह तय कर दी है। आधा लीटर, एक लीटर और डेढ़ लीटर की पैकिंग में सरसों का तेल मिलेगा। 

45 रुपए में डेढ़ लीटर, 15 रुपए में आधा लीटर तेल

खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार बीपीएल एवं अंत्योदय परिवार को गेहूं फ्री में मिल रही है जबकि चीनी और सरसों के लिए नाम मात्र रुपए लिए जा रहे हैं। अब नए नियमों के अनुसार आधा लीटर सरसों के तेल के लिए उपभोक्ता को 15 रुपए चुकाने होंगे जबकि एक लीटर तेल की बोतल मिलती है तो फिर 30 रुपए देने होंगे। अगर परिवार में सात से ज्यादा सदस्य हैं तो फिर डेढ़ लीटर सरसों का तेल मिलेगा, जिसके लिए 45 रुपए चुकाने पड़ेंगे। चीनी के लिए 15 रुपए प्रति किलोग्राम देने होंगे।

सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी बरवाला चंद्र मोहन ने बताया कि राशन डिपो में सरकारी दर पर एक लीटर तेल लेने वाले परिवार को बाजार में करीब 200 रुपए खर्च करने की तुलना में 170 रुपए की बचत हो सकती है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने अक्टूबर माह के लिए फोर्टिफाइड सरसों के तेल का आवंटन किया है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों को आपूर्ति और जिला स्तर पर आवंटन के निर्देश दिए गए हैं।