हरियाणा में VIP नंबर खरीदने वालों को बड़ा झटका, नया नियम लागू, 3 साल का लॉक
Haryana VIP Number : हरियाणा राज्य में परिवहन विभाग से ई-नीलामी के माध्यम से वाहनों के बीआईपी या पसंदीदा रजिस्ट्रेशन नंबर खरीदने के बाद उन्हें दूसरों को महंगे दामों पर बेचने या देने वालों पर सरकार ने शिकंजा कस दिया है।
अब ई-नीलामी में लिए गए वीआईपी नंबर को वाहन मालिक आवंटन की तारीख से तीन साल तक किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित नहीं कर सकेंगे। परिवहन विभाग ने तीन साल से पहले नंबर ट्रांसफर करने पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी है।
इस संबंध में विभाग ने प्रदेश के सभी उपमंडल अधिकारी (नागरिक)- कम - पंजीकरण प्राधिकारी, जिला परिवहन अधिकारियों और मुख्यालय स्थित पंजीकरण प्राधिकारियों को आदेश सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।
नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर को भी पत्र भेजा है। एनआईसी को 'वाहन' और ई-नीलामी पोर्टल में आवश्यक बदलाव करने को कहा गया है, ताकि तीन साल की लॉक-इन अवधि से पहले नंबर ट्रांसफर की प्रक्रिया स्वतः ही ब्लॉक रहे।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में परिवहन मंत्री अनिल विज की विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में वीआईपी नंबरों की कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बेचने की आशंका पर गंभीर चर्चा हुई थी। मंत्री के सख्त निर्देशों के बाद यह निर्णय लिया गया है।
रक्त संबंधी सदस्यों को हस्तांतरित कर सकेंगे
निर्देशों में तीन साल की शर्त से परिवार को बाहर रखा है। इसमें रक्त संबंधी के साथ उन सदस्यों को परिवार माना है, जिनके नाम एक ही परिवार पहचान पत्र में शामिल हैं। व्यक्ति सिर्फ खून के रिश्तेदारों व पीपीपी आईडी में शामिल को ही वीआईपी नंबर 3 साल से पहले हस्तांतरित कर सकेगा।
गौरतलब है कि हरियाणा परिवहन विभाग को वीआईपी नंबरों की नीलामी से सालाना करीब 7 से 8 करोड़ रुपए की आय होती है। इनमें '0001' नंबर सबसे महंगा है, जिसका रिजर्व प्राइस 5 लाख रुपए और 10002' से '0009' तक का रिजर्व प्राइस डेढ़ लाख रुपए तक है।
एक साल पहले 'HRSSBSSSs नंबर की बोली 1.17 करोड़ रुपए तक पहुंची थी, हालांकि बोलीदाता के सरेंडर करने के बाद दोबारा नीलामी में यह नंबर 26.71 लाख रुपए में बिका था।
