दादा-चाचा के बाद अब पोता भी बनेगा फौजी अफसर, हरियाणा के छोरे ने NDA में मारी बाजी
NDA Success Story : यूं तो हरियाणा के छोरे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, लेकिन सेना में हरियाणा का डंका बजता है। ऐसे में हरियाणा के झज्जर जिला के दुबलधन गांव निवासी गौरव कादियान ने सेना में अफसर बन कर अपने परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाया है। क्योंकि गौरव के दादा और चाचा भी सेना में रह हैँ।
गाैरव कादियान ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नवल अकादमी परीक्षा (1)-2026 में सफलता पाई है। गौरव की यह उपलब्धी ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। साथ ही उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 5 नवंबर को इस परीक्षा का परिणाम जारी किया गया। वहीं परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल को हुआ था। इसके बाद रक्षा मंत्रालय के सेवा चयन बोर्ड द्वारा साक्षात्कार जैसी प्रक्रिया हुई, जिसमें गौरव सफल रहे।
इसके लिए गौरव कादियान ने काफी मेहनत की है। इसके साथ ही गौरव के लिए परिवार की सैन्य परंपरा भी महत्वपूर्ण रही है। गौरव के दादा सुखबीर सिंह भारतीय सेना से सेवा निवृत्त हैं। इसके अलावा गौरव के दो चाचा रामनिवास और फूल कुमार सेना से सेवा निवृत्त हैं। ऐसे में उन्होंने परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में सेना की सेवा शुरू की है।
पिता किसान, मां गृहणी
गौरव कादियान बहुत ही साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता किसान हैं, जबकि मां गृहणी हैं। हालांकि जीवन में सफलता के लिए गौरव शुरू से ही दृढ़ संकल्प रहे। इसके बल पर ही उन्होंने आज सेना में अफसर बनने का गौरव पाया है। गौरव कादियान फिलहाल रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में बीए अंग्रेजी ऑनर्स के छात्र हैं। इसके साथ ही उन्होंने सेना में जाने के लिए तैयारी जारी रखी और अब इसमें सफलता पाई है।
