logo

इस शहर के सरकारी अस्पताल में मिलेंगी सस्ती दवा, अमृत फार्मेसी शुरू

 
सरकारी अस्पताल में मिलेंगी सस्ती दवा, अमृत फार्मेसी शुरू

लोगों को सस्ती दवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा जनऔषधी केंद्र की तर्ज पर ही अब अमृत फार्मेसी खोली जा रही हैं। यहां लोगों को हर प्रकार की दवा मार्केट से कम कीमत पर मिलेंगी। इसके लिए खास योजना चलाई जा रही है। क्योंकि यहां मिलने वाली दवा मार्केट से 90 प्रतिशत तक सस्ती होंगी।
इसी कड़ी में जींद के जिला स्तरीय नागरिक अस्पताल में अब मरीजों को सस्ती दवा मिल सकेंगी। इसके लिए सरकार की ओर से यहां पर अमृत फार्मेसी शुरू कर दी है। हालांकि सरकारी अस्पताल में मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना के तहत दवा फ्री मिलती हैं, लेकिन कोई दवा नहीं मिलने पर मरीज यहां से खरीद सकेंगे। इसके अलावा निजी अस्पतालों या अन्य जगह इलाज करवाने वाले मरीजों के लिए भी दवा उपलब्ध रहेंगी।

अस्पताल में अमृत फार्मेसी का शुभारंभ हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर और जींद के भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने किया। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसके माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनेगी। 
उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी में देश की प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों की असली ब्रांडेड दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी तथा गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बाजार में महंगे दामों पर मिलने वाली दवाइयां यहां रियायती दरों पर उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
इससे पहले प्रदेश के 16 जिलों में एक साथ आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को प्रतिष्ठित कंपनियों की गुणवत्तापूर्ण ब्रांडेड दवाइयां बाजार मूल्य से काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। फार्मेसी पर दवाइयों की कीमतों में लगभग 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इससे आमजन विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को इलाज के दौरान दवाइयों पर होने वाले खर्च में बड़ी राहत मिलेगी।

24 घंटे खुलेगी अमृत फार्मेसी 
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने कहा कि अमृत फार्मेसी को 24 घंटे और सातों दिन संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इससे नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दिन या रात किसी भी समय दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के परिजनों को दवाइयों के लिए अस्पताल से बाहर भटकने अथवा दुकानों के खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
क्या-क्या मिलेगा 
डॉ. मिढ़ा ने कहा कि इस अमृत फार्मेसी में दवाइयों के साथ-साथ हृदय रोगों के उपचार में उपयोग होने वाले स्टेंट, पेसमेकर तथा हड्डियों के ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले घुटने और कूल्हे के इंप्लांट, प्लेट एवं स्क्रू जैसे मेडिकल इंप्लांट्स भी निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन के उपचार में मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी। लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए।