New Flyover: हरियाणा के इस जिले में बनेगा नया फ्लाईओवर, लोगों को जाम से मिलेगी राहत
Haryana New Flyover: हरियाणा के रेवाड़ी शहर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में लंबे समय से चली आ रही रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार ने बाईपास पर रेवाड़ी-दिल्ली और रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइनों पर स्थित तीन व्यस्त रेलवे फाटकों के स्थान पर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज (Integrated ROB) के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
इस परियोजना पर करीब 207.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आरओबी के निर्माण के बाद रेलवे और सड़क यातायात को अलग किया जा सकेगा, जिससे रोजाना हजारों लोगों को जाम से राहत मिलने के साथ सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
तीन रेलवे फाटकों को जोड़कर बनेगा एकीकृत आरओबी
रेवाड़ी बाईपास क्षेत्र में रेवाड़ी-दिल्ली और रेवाड़ी-रोहतक रेलमार्ग के क्रॉसिंग तथा पटौदी रोड पर रेवाड़ी-रोहतक रेलवे लाइन का फाटक एक-दूसरे के काफी नजदीक स्थित हैं। इन तीनों रेलवे फाटकों पर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
स्थानीय स्तर पर वर्ष 2015 से ही इन फाटकों की समस्या के समाधान के लिए एकीकृत आरओबी की मांग उठती रही है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बावजूद परियोजना की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई थी।
हर समय लगा रहता था जाम
यह क्षेत्र रेलवे और सड़क, दोनों दृष्टि से काफी व्यस्त है। ट्रेनों के आवागमन के दौरान इनमें से किसी भी रेलवे फाटक के बंद होने पर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे आसपास के लोगों के साथ-साथ शहर के दूसरे हिस्सों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
बाईपास के निर्माण के बाद आसपास बड़ी संख्या में कॉलोनियां और सोसायटियां भी विकसित हो चुकी हैं। आबादी बढ़ने के साथ यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ा है। ऐसे में रेलवे फाटकों पर लगने वाला जाम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री के सामने उठाया था मुद्दा
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस जनहित के मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद सरकार ने तीनों व्यस्त रेलवे लेवल क्रॉसिंग के स्थान पर एकीकृत रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है।
परियोजना के लिए 207.29 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिलने से रेवाड़ी के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
दो लेन और चार लेन आरओबी के साथ बनेगा आरयूबी
परियोजना के तहत केवल रेलवे ओवरब्रिज ही नहीं, बल्कि आधुनिक यातायात व्यवस्था के लिए कई अन्य सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा। इसमें दो लेन और चार लेन रेलवे ओवरब्रिज, रोड अंडरब्रिज (RUB), सर्विस रोड और अन्य जरूरी आधारभूत सुविधाएं शामिल हैं।
इससे क्षेत्र में सड़क यातायात को रेलवे यातायात से अलग किया जा सकेगा। रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहनों के रुकने की समस्या खत्म होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।
