जींद के 31 वार्डों में खर्च होंगे 3.23 करोड़, गलियों से पार्कों तक बदलेगी शहर की तस्वीर
Jind news : जींद शहर की टूटी गलियों, क्षतिग्रस्त पुलियों और बदहाल पार्कों की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर परिषद ने शहर के 31 वार्डो में विकास कार्यों को गति देने के लिए 3 करोड़ 23 लाख 7 हजार रुपये की योजना तैयार की है। शहर में 33 विकास कार्य करवाए जाएंगे। कहीं गलियों का निर्माण होगा तो कहीं पुलियों की मरम्मत और पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
वार्ड 17 के पार्कों में ओपन जिम स्थापित की जाएंगी। इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को अपने घरों के नजदीक बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। शहर में लंबे समय से वार्डों के लोग टूटी गलियों, जलनिकासी में बाधा बनने वाली क्षतिग्रस्त पुलियों और पार्कों की बदहाल स्थिति से परेशान हैं। बरसात के दौरान टूटी गलियों में पानी भरने और आवागमन में परेशानी की समस्या भी सामने आती है।
शिवपुरी से हकीकत नगर तक सुधरेंगी गलियां
वार्ड 3 की शिवपुरी कॉलोनी में रविंद्र के मकान से जगदीश के मकान तक, क्राइस्ट राजा स्कूल के पीछे और जयप्रकाश के मकान से धर्मबीर के मकान तक गली निर्माण प्रस्तावित है। वार्ड 4 और 5 के हकीकत नगर में भी गलियों का निर्माण होगा। वार्ड 7, 8 और 10 में भी विभिन्न गलियों के लिए बजट निर्धारित किया गया है।
वार्ड 15 के अपराही मोहल्ले में रामधारी नंबरदार के मकान से कश्यप धर्मशाला, सैनी आंचा होते हुए पीपल तक गली बनाई जाएगी। वार्ड 16 में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पास जैन स्थानक के सामने गली निर्माण होगा। वार्ड 30 में तीन गलियों और पुलियों की मरम्मत भी योजना का हिस्सा है।
9 गलियों पर अलग से खर्च होंगे 1.17 करोड़
वार्ड 5, 6, 13, 26 और 28 में नौ गलियों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 17 लाख 92 हजार रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें वार्ड 28 में सैनी धर्मशाला से दया के मकान तक गली पर 23.14 लाख, वार्ड 6 में राधे प्ले स्कूल से जयप्रकाश के मकान तक 30 लाख और जींद सेल्स की दुकान से दलवीर सिंह के मकान तक 13.78 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड 28 में शामदो किरयाणा स्टोर से राममेहर सैनी के मकान तक 15 लाख और राज सैनी के मकान से आर्य समाज रोड वाली गली तक 10 लाख रुपये खर्च होंगे।
पार्को में ओपन जिम, बुजुर्गों और युवाओं को मिलेगी सुविधा
नगर परिषद ने इस योजना में पार्कों के विकास और लोगों की सेहत को भी प्राथमिकता दी है। वार्ड 20, 21 और 22 के अर्बन एस्टेट स्थित विभिन्न पार्कों की मरम्मत करवाई जाएगी। वार्ड 28 में रेलवे लाइन के पास पार्क और वार्ड 31 के गोपाल नगर में फिलिंग स्टेशन के पीछे स्थित पार्क का नवीनीकरण होगा। वार्ड 17 के विभिन्न पार्कों में ओपन जिम स्थापित की जाएंगी।
योजना के तहत वार्ड 1, 2, 6, 11 से 14, 18, 19 और 23 से 29 तक गलियों, पुलियों और अन्य कार्यों के लिए करीब 10- 10 लाख रुपये के प्रस्ताव रखे गए हैं। शहर के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाना प्राथमिकता है। गलियों, सड़कों, नालियों और पार्कों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। प्रयास है कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर आवागमन और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं अपने आसपास ही मिलें। किसी भी वार्ड की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
-डॉ. अनुराधा सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन जींद।
