हरियाणा के इस शहर में बनेंगे 21 नए बस क्यू शेल्टर, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
Jind news : हरियाणा के जींद शहर में आने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में लंबे समय से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों, खासकर कॉलेज के विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों की परेशानी को देखते हुए नगर परिषद ने सराहनीय कदम उठाया है।
शहर के विभिन्न चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यात्रियों को अब धूप और बारिश में खुले आसमान के नीचे बस का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए नगर परिषद द्वारा शहर में कुल 21 नए आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनवाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर कुल 1 करोड़ 80 लाख 81 हजार 649 रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
नगर परिषद की इस पहल से न केवल शहर का सार्वजनिक बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि आम जनता को भी भीषण गर्मी, धूप और बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।
फिलहाल स्थिति यह है कि शहर के मुख्य चौराहों, बस स्टॉप और व्यस्त मागों पर पर्याप्त शेल्टर न होने के कारण यात्रियों को बसों के इंतजार में सड़क किनारे या खुले में खड़े रहना पड़ता है। कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और रोज सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों को मौसम की मार झेलनी पड़ती है।
जिलेभर से शहर के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने के लिए रोजाना हजारों विद्यार्थी आते हैं और काफी संख्या में रोजगार के लिए लोग पहुंचते हैं।
शहर में फिलहाल एसडी स्कूल मोड़, सफीदों गेट, पुरानी सब्जीमंडी मोड, पटियाला चौक, नरवाना रोड, कैथल रोड, हांसी रोड, कबीर चौक के पास बाइपास चौक, सफीदों रोड, गोहाना रोड ढींगड़ा चौक समेत काफी जगहों पर यात्री और स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थी सार्वजनिक वाहनों बसों, टेंपो आदि के इंतजार में खड़े रहते हैं।
बारिश और धूप के मौसम में खुले आसमान के नीचे खड़े रहना मुश्किल हो जाता है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन बस क्यू शेल्टरों के बनने से जहां आम जनता को सहूलियत मिलेगी वहीं शहर की सुंदरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
बारिश आने पर विद्यार्थियों को होती है ज्यादा दिक्कत
शहरवासी मनोज कुमार, अजमेर, मनीष सिंगला, छात्रा खुशबू, महक व अंजू रानी का कहना है कि सरकारी व प्राइवेट बसों व अन्य वाहनों के इंतजार में शहर की सड़कों पर लोगों का जमावड़ा दिखाई देता है। बारिश आने पर तो छात्र छात्राएं व अन्य यात्री इधर-उधर दुकानों के छज्जों व अन्य जगहों सहारा लेना पड़ता है। अब इन 21 नए बस क्यू शेल्टरों के बन जाने से पर से यात्रियों को एक सुरक्षित और छायादार स्थान मिल सकेगा, जहां वे आराम अपनी बस का इंतजार कर सकेंगे।
हालांकि नगर परिषद की ओर से इससे पहले भी करीब 10 बस क्यू शेल्टर शहर में बनवाए हुए हैं, लेकिन वे नाकाफी हैं।
1.80 करोड़ रुपए की लागत आएगी
शहर में जगह-जगह वाहनों के लिए इंतजार करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों व आमजन को बारिश व धूप के मौसम में कोई परेशानी न हो, इसके लिए एमसी एरिया में नगर परिषद द्वारा 21 नए बस क्यू शेल्टर बनवाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी गई है और इनके निर्माण पर करीब 1.80 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
नहर परिषद के ME अमित श्योकंद ने बताया कि चार नवंबर को टेंडर की बिड खोली जाएगी। सिविल वर्क्स श्रेणी के तहत आने वाले इस प्रोजेक्ट की प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
