नारनौल डिपो में जल्द उतरेगी 20 नई बसें, हरियाणा रोडवेज बेड़े में शामिल होगी 500 बसें, गांव शहरों की बढ़ेगी कनेक्टिविटी
Haryana Roadways New Bus : हरियवाणा रोडवेज में 500 नई बस शामिल होनी हैं। इसके चलते नारनौल डिपो को 20 बस मिलने जा रही हैं। इससे डिपो में बस बढ़ने के कारण लोगों को काफी लाभ होगा। लंबे रूटों के साथ-साथ स्थानीय रूटों पर भी यात्रियों के लिए डिपो से बेहतर सेवा का संचालन हो सकेगा।
गौरतलब है कि रोडवेज के सभी 22 डिपो के लिए 500 बस तैयार हो रही हैं। इसमें नारनौल के हिस्से 20 बस आई हैं। इसके बाद नारनौल डिपो में बसों की संख्या 153 से बढ़कर 173 तक पहुंच जाएगी। हालांकि यह बस भी जरूरत के अनुसार कम हैं, लेकिन डिपो को इससे आंशिक राहत मिलेगी। क्योंकि रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि डिपो में जरूरत के हिसाब से 188 बस चाहिएं।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार फिलहाल डिपो के पास उपलब्ध 153 बसों को लंबे रूट के साथ-साथ ग्रामीण रूटों पर भी चलाया जा रहा है। हालांकि डिपो में बसों की कमी है, इसके चलते कई ऐसे रूट हैं, जहां रोडवेज चाहकर भी बस नहीं भेज पा रहा है। जब डिपो को नई बस मिलने से यात्रियों को आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
अंतरराज्य बस सेवा में होगा इजाफा
डिपो में बस आने से अंतरराज्य बस सेवा में वृद्धि होगी। क्योंकि नारनौल राजस्थान से सटा हुआ क्षेत्र है। ऐसे में राजस्थान के लिए काफी मांग रहती है। वहीं चंडीगढ़ व दिल्ली जैसे रूटों पर भी यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। इन रूटों पर बस चलाई जाएंगी।
हालांकि रोडवेज अधिकारियों को उम्मीद थी कि डिपो को अधिक बस अलाट होंगी, लेकिन अभी 20 ही बसों से काम चलाना पड़ेगा। क्योंकि प्रदेश में सबसे अधिक बस भिवानी डिपो को मिली हैं। यहां 40 बस भेजी जा रही हैं, जबकि कुछ जिलों में 12 बस ही भेजी जाएंगी।
