logo

खेती में मौसम की सटीक जानकारी के लिए नई पहल, हरियाणा-पंजाब में लगेंगे 19 वेदर स्टेशन, बुआई में मदद

 
हरियाणा पंजाब में लगेंगे 19 वेदर स्टेशन बुआई में मदद

Haryana Punjab news : हरियाणा और पंजाब में अब मौसम का मिजाज ही नहीं, खेतों का तापमान भी पता चल सकेगा। दोनों प्रदेशों में 19 नए ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। हरियाणा में 10 और पंजाब में 9 स्टेशन स्थापित होंगे। इन्हें कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) और कृषि अनुसंधान से जुड़े केंद्रों (AMFU) में लगाया जाएगा। इन स्टेशनों को दिसंबर में शुरू करने की योजना है।

इन स्टेशनों पर जमीन का तापमान मापा जा सकेगा। इससे वैज्ञानिकों को स्थानीय मौसम और मिट्टी की परिस्थितियों के अनुसार किसानों को सलाह देने में मदद मिलेगी। एक स्टेशन पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होंगे। जमीन का तापमान बीज के अंकुरण और फसल की बढ़वार को प्रभावित करता है।

इन वेदर स्टेशनों से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर वैज्ञानिक स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर सकेंगे। इससे फसलों की बुवाई, देखभाल और मौसम के अनुसार कृषि गतिविधियों की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

मौसम में बदलाव से पहले किसानों को जारी होगी एडवाइजरी

इन स्टेशनों से मिलने वाले डेटा का इस्तेमाल मौसम विभाग के साथ कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिक भी कर सकेंगे। दोनों के बीच तालमेल से किसानों के लिए मौसम आधारित एडवाइजरी जारी की जाएगी। किसानों को मौसम की जानकारी के आधार पर खेती से जुड़े फैसले लेने में मदद मिलेगी। समय रहते सलाह मिलने से नुकसान का जोखिम कम करने की योजना बनाई जा सकेगी।

हरियाणा में 10 जगहों पर बनेंगे स्टेशन

हरियाणा में भिवानी, फतेहाबाद, झज्जर, जींद, पानीपत, रोहतक, हिसार, कैथल, नूंह और अंबाला में स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि अनुसंधान से जुड़े केंद्र शामिल हैं।

पंजाब में 9 जगहों पर बनेंगे स्टेशन

पंजाब में माहिलपुर, रौनी, खेड़ी, बल्लोवाल सौंखड़ी, फरीदकोट, गुरदासपुर, लुधियाना और उस्मान स्थित केंद्रों पर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि अनुसंधान से जुड़े केंद्र और सीड फार्म शामिल हैं।

हरियाणा-पंजाब में 19 जगह ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन बनेंगे। इससे मौसम विभाग डेटा तैयार करेगा। इन स्टेशनों से सटीक जानकारी मिलेगी और किसानों को एडवाइजरी जारी करने में मदद मिल सकेगी।
---डॉ. सुरेंद्र पाल, निदेशक आईएमडी, चंडीगढ़