logo

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के 2 सितारों के बीच खत्म होगी तकरार? स्टेज शो पर मिला संकेत

 
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के 2 सितारों के बीच खत्म होगी तकरार स्टेज शो पर मिला संकेत

Sharry Maan and Parmish Verma : पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित दोस्ती में आई दरार अब शायद भरने लगी है। करीब पांच साल से शैरी मान और परमीश वर्मा के बीच चली आ रही अनबन के बाद अब ऐसे संकेत सामने आ रहे हैं, जिनसे दोनों के रिश्तों में जमी बर्फ पिघलने की उम्मीद बढ़ गई है। इस बार शैरी मान ने अपने लाइव शो में कुछ ऐसा किया, जिसने वहां मौजूद दर्शकों को भी भावुक कर दिया।

दरअसल, 28 नवंबर को न्यू चंडीगढ़ के ओमैक्स वर्ल्ड स्ट्रीट में शैरी मान का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। वह अपने 'दैट एरा' टूर के तहत यहां पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जब उन्होंने अपना लोकप्रिय गाना 'यारी' गाना शुरू किया तो स्टेज के पीछे लगी LED स्क्रीन पर परमीश वर्मा के साथ बिताए पुराने दिनों की तस्वीरें और वीडियो दिखने लगे।

स्क्रीन पर दोनों की पुरानी यादें देखकर दर्शकों का ध्यान भी प्रस्तुति से हटकर इस खास पल पर टिक गया। वीडियो में दोनों के शुरुआती दौर के संघर्ष और साथ बिताए गए समय की झलक दिखाई गई। गाने के समापन पर स्क्रीन पर परमीश वर्मा की एक बड़ी तस्वीर भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद स्टेज पर भंगड़ा कलाकारों ने पहुंचकर माहौल को और खास बना दिया।

शैरी मान की इस प्रस्तुति को सोशल मीडिया पर दोनों की दोस्ती दोबारा पटरी पर लौटने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक दोनों कलाकारों की ओर से किसी औपचारिक सुलह या मुलाकात की पुष्टि नहीं हुई है।

शादी समारोह से शुरू हुई थी दोस्ती में खटास

शैरी मान और परमीश वर्मा के बीच विवाद की शुरुआत कनाडा में परमीश वर्मा और गीत ग्रेवाल की शादी के दौरान हुई थी। शादी समारोह में मेहमानों की निजता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन जमा करवा लिए गए थे। बताया जाता है कि यह व्यवस्था शैरी मान को पसंद नहीं आई। इसके अलावा शादी की व्यस्तताओं के चलते परमीश उन्हें पर्याप्त समय भी नहीं दे पाए।

यही नाराजगी बाद में सोशल मीडिया तक पहुंच गई। शैरी मान ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर की और परमीश के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं। इसके बाद दोनों के बीच दूरियां लगातार बढ़ती चली गईं।

सोशल मीडिया पर भी हुई थी तीखी बयानबाजी

विवाद के कुछ समय बाद शैरी मान ने एक बार फिर इंस्टाग्राम लाइव के दौरान परमीश को लेकर तीखी बातें कहीं। इस पर परमीश वर्मा ने भी सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए कटाक्ष किया था। उनकी टिप्पणी ने दोनों के बीच चल रही तल्खी को और चर्चा में ला दिया था।

हालांकि, बाद में शैरी मान ने एक भावुक नोट साझा कर अपने व्यवहार पर पछतावा जाहिर किया। हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत में भी उन्होंने स्वीकार किया कि उस विवाद में उनकी तरफ से बात जरूरत से ज्यादा बढ़ गई थी। उन्होंने माना कि उनकी ओर से भी गलती हुई थी।

अब पुरानी यादों के सहारे रिश्ते सुधारने की कोशिश?
पॉडकास्ट में अपनी गलती स्वीकार करने के बाद अब लाइव शो में परमीश वर्मा की तस्वीरों और वीडियो को जगह देना इस पूरे मामले में नया मोड़ माना जा रहा है। शैरी मान ने सीधे तौर पर सुलह का ऐलान तो नहीं किया, लेकिन 'यारी' गाने के साथ पुरानी यादों को मंच पर जीवंत करना उनके बदले हुए रुख की ओर इशारा जरूर करता है।