logo

हरियाणा से बिहार तक चला सपना चौधरी का जादू, भोजपुरी फिल्म के इस गाने ने बटोरी सुर्खियां

 
हरियाणा से बिहार तक चला सपना चौधरी का जादू, भोजपुरी फिल्म के इस गाने ने बटोरी सुर्खियां

Sapna Chaudhary Bhojpoori song : हरियाणा की मशहूर डांसिंग क्वीन सपना चौधरी का जलवा सिर्फ हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहा। अपने देसी डांस और खास अंदाज से लाखों दिलों पर राज करने वाली सपना ने भोजपुरी सिनेमा में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवा चुकी हैं। 

खास बात यह रही कि उनका भोजपुरी डेब्यू किसी सामान्य फिल्म से नहीं, बल्कि अभिनेता रवि किशन की हॉरर फिल्म 'बैरी कंगना 2' से हुआ था। फिल्म में उनका एक गाना ऐसा था, जिसने यूपी और बिहार के दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोरी।

सपना चौधरी ने हरियाणवी गानों पर अपने डांस से अलग पहचान बनाई। 'तेरी आख्या का यो काजल', 'चटक मटक' और 'छोरी बिंदास' जैसे गानों ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। स्टेज शो में उनकी एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं।

हरियाणवी गानों में लोकप्रियता हासिल करने के बाद सपना ने भोजपुरी सिनेमा की ओर रुख किया। साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'बैरी कंगना 2' में उनका डांस देखने को मिला। इस फिल्म का गाना 'मेरे सामने आके' उनके भोजपुरी सफर का खास हिस्सा बन गया।

रवि किशन की हॉरर फिल्म में दिखा सपना का अलग अंदाज

'बैरी कंगना 2' में रवि किशन के साथ काजल राघवानी, शुभी शर्मा और अवधेश मिश्रा जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन अशोक त्रिपाठी अत्रि ने किया था और इसके निर्माता अशोक श्रीवास्तव थे। फिल्म की कहानी प्रेम, बदले, तंत्र-मंत्र और रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है। हॉरर-फैंटेसी कहानी वाली इस फिल्म में सपना चौधरी का डांस दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना।

हरियाणवी और भोजपुरी संगीत का दिखा संगम

फिल्म के गाने 'मेरे सामने आके' में सपना चौधरी का डांस देखने को मिला। इस गाने को मधुकर आनंद और इंदु सोनाली ने आवाज दी थी। इसके बोल श्याम देहाती ने लिखे थे, जबकि संगीत के. रत्नेश और इंदु सोनाली ने तैयार किया था। गाना Enterr10 Music Bhojpuri के बैनर तले रिलीज हुआ था।

इस गाने की खासियत यह थी कि इसमें हरियाणवी डांसिंग स्टाइल और भोजपुरी संगीत का मेल देखने को मिला। सपना की लोकप्रियता का फायदा भोजपुरी दर्शकों तक भी पहुंचा और यूपी-बिहार में उनके चाहने वालों के बीच इस गाने की चर्चा हुई।

सपना चौधरी ने साल 2017 में बिग बॉस के 11वें सीजन में हिस्सा लिया था। इस शो के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ी। हालांकि, भोजपुरी फिल्म में उनकी मौजूदगी ने यह भी दिखाया कि वह अपनी पहचान को एक क्षेत्रीय संगीत इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रखना चाहती थीं।