सपना चौधरी ने हटवाया वीर साहू के नाम का टैटू, वीर की नई एल्बम का ऐलान
Sapna Chaudhary veer sahu : हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ी सपना चौधरी और वीर साहू एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। इस बार चर्चा की वजह सपना चौधरी के हाथ पर बना एक टैटू और वीर साहू की नई म्यूजिक एल्बम है।
सपना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने हाथ पर लिखे पति वीर साहू के नाम को लेजर ट्रीटमेंट के जरिए हटवाती नजर आ रही हैं। दूसरी तरफ वीर साहू ने भी अपनी नई एल्बम का पोस्टर जारी कर सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपना चौधरी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक टैटू स्टूडियो पहुंची थीं। यहां उन्होंने अपने हाथ पर बने वीर साहू के नाम के टैटू को हटवाने के लिए लेजर प्रक्रिया करवाई। इस दौरान वह खुद भी मोबाइल से इस पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड करती दिखाई दीं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब दो दिन पुराना है। हालांकि, टैटू हटवाने के पीछे की वजह को लेकर सपना की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।
2021 में बनवाया था वीर साहू के नाम का टैटू
सपना चौधरी ने वर्ष 2021 में अपने हाथ पर वीर साहू के नाम का टैटू बनवाया था। उस समय इस टैटू को दोनों के रिश्ते से जोड़कर देखा गया था। यह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी एक खास पहचान बन गया था। अब कई साल बाद इसे हटवाने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सपना ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में भी टैटू को लेकर अपनी परेशानी का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि शूटिंग और स्टेज कार्यक्रमों के दौरान हाथ पर बने टैटू को छिपाना आसान नहीं होता था। अलग-अलग प्रोजेक्ट में इसे कवर करने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ती थी।
वीर साहू ने 'प्रिंस एंड प्रॉस्टिट्यूट' का पोस्टर किया जारी
इधर, सपना के टैटू हटवाने का वीडियो चर्चा में आने के बीच वीर साहू ने अपनी नई एल्बम 'प्रिंस एंड प्रॉस्टिट्यूट' का पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा किया है। पोस्टर के साथ उन्होंने 'लायन इज कम बैक' यानी शेर की वापसी का संदेश भी लिखा है। उनकी इस पोस्ट को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
वीर साहू ने एल्बम के पोस्टर के साथ 'दिलदार कोई-कोई' गाने की पंक्तियां भी साझा की हैं। गाने के बोल में प्यार, रिश्तों और जिस्मानी आकर्षण के बीच अंतर को दर्शाने की कोशिश की गई है। इससे उनकी नई एल्बम को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
दोनों की निजी जिंदगी को लेकर फिर शुरू हुई चर्चा
सपना चौधरी और वीर साहू से जुड़ी इन दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दोनों के बीच रिश्तों में खटास और तलाक की चर्चाओं का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, केवल टैटू हटवाने या नई एल्बम का पोस्टर जारी करने से इन चर्चाओं की पुष्टि नहीं होती। दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
