logo

दिलजीत दोसांझ ने इस एक्ट्रेस के लिए घुटनों पर बैठ गाया गाना, झूम उठे फैंस, लूटी महफिल

 
दिलजीत दोसांझ ने इस एक्ट्रेस के लिए घुटनों पर बैठ गाया गाना, झूम उठे फैंस, लूटी महफिल

Diljit Dosanjh concert : पंजाबी म्यूजिक के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ का मुंबई में आयोजित 'ऑरा टूर 2026' कॉन्सर्ट इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। 27 नवंबर को हुए इस म्यूजिकल इवेंट में हजारों प्रशंसकों के बीच बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां भी पहुंचीं, लेकिन शाम का सबसे यादगार नजारा उस समय देखने को मिला, जब दिलजीत ने अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा को मंच पर बुलाकर उनके लिए खास अंदाज में गाना गाया। दोनों की मस्ती, डांस और शानदार केमिस्ट्री ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने सान्या को मंच पर आमंत्रित किया और अपना चर्चित गाना 'चार्मर' उन्हें समर्पित किया। गाने के बीच दिलजीत घुटनों के बल बैठ गए और सान्या का हाथ थामकर उनके लिए परफॉर्म करने लगे। इसके बाद दोनों ने एक साथ डांस किया। यह पूरा नजारा वहां मौजूद दर्शकों के कैमरों में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जब सान्या की तारीफ सुनकर शरमा गए दिलजीत
मंच पर इस खास मुलाकात के दौरान दिलजीत ने सान्या को एक गिफ्ट हैम्पर भी दिया। सान्या ने उनकी जमकर तारीफ की तो दिलजीत भी मजाकिया अंदाज में शरमा गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'अब मैं शर्मा जाऊंगा।' दिलजीत का यह अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया।

दरअसल, सान्या और दिलजीत पहले भी एक साथ काम कर चुके हैं। दोनों 'चार्मर' गाने के म्यूजिक वीडियो में नजर आए थे। कॉन्सर्ट में दिलजीत ने इस गाने की सफलता का श्रेय सान्या को देते हुए कहा कि उनके डांस और सोशल मीडिया रील्स की वजह से गाने को काफी लोकप्रियता मिली। सान्या के डांस मूव्स ने गाने को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।

करिश्मा कपूर से लेकर राशा थडानी तक पहुंचे सितारे
मुंबई के इस कॉन्सर्ट में सिर्फ सान्या ही नहीं, बल्कि मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने भी शिरकत की। अभिनेत्री करिश्मा कपूर भी दिलजीत की परफॉर्मेंस का आनंद लेती नजर आईं। जब दिलजीत ने 'सांसों की माला' गाना गाया तो करिश्मा भी उनके साथ सुर मिलाती दिखाई दीं। उन्होंने अपने मोबाइल में कार्यक्रम के कई यादगार पल भी रिकॉर्ड किए।

इसके अलावा अवनीत कौर, राशा थडानी, सुजैन खान, अर्सलान गोनी और जैस्मीन भसीन सहित कई चर्चित चेहरे इस म्यूजिकल शाम का हिस्सा बने। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सितारे दिलजीत के गानों पर झूमते दिखाई दे रहे हैं।

दिसंबर में इन शहरों में होगा दिलजीत का अगला शो
मुंबई में शानदार प्रस्तुति देने के बाद दिलजीत दोसांझ का 'ऑरा इंडिया टूर 2026' आगे भी जारी रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में उनका कॉन्सर्ट होगा। इसके बाद 12 दिसंबर को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दिलजीत अपनी प्रस्तुति देंगे। टूर का अंतिम कार्यक्रम 19 दिसंबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में आयोजित होगा।

मुंबई कॉन्सर्ट में सान्या मल्होत्रा के साथ दिलजीत का खास अंदाज अब इस टूर के सबसे चर्चित पलों में शामिल हो गया है। एक तरफ मंच पर दोनों की दोस्ताना मस्ती देखने को मिली तो दूसरी तरफ दर्शकों को लाइव म्यूजिक और बॉलीवुड सितारों का शानदार संगम देखने का मौका मिला।