Success Story : हरियाणा के जिंझार गांव का बेटा बना सेना में अफसर, चौथी रैंक लेकर पाई सफलता
हरियाणा के चरखी दादरी से आने वाले ईश फोगाट ने एनडीए की परीक्षा पास कर सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा किया है।
हरियाणा के नाम आते ही जोशीले युवाओं की तस्वीर उभरने लगती है। यूं तो हरियाणा के युवा हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, लेकिन सेना में हरियाणवी जवानों का अलग ही जलवा है। ऐसे में हरियाणा के चरखी दादरी से आने वाले ईश फोगाट ने एनडीए की परीक्षा पास कर सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा किया है।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एनडीए-1, 2026 परीक्षा में ईश फोगाट ने चौथी रैंक हासिल की है। हलाांकि उनका परिवार फिलहाल चंडीगढ़ के सेक्टर 19-सी में रह रहा है, लेकिन मूल रूप से उनका परिवार हरियाणा के चरखी-दादरी जिला के जिंझार गांव का रहने वाला है। ईश फोगाट ने बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखा था, जो अब सेना में अधिकारी बनने के साथ पूरा हो गया है।
इसके लिए ईश फोगाट ने वर्षों तक कड़ी मेहनत की है। फोगाट के अनुसार एनडीए की परीक्षा के साथ सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड का साक्षात्कार भी पास किया है। इसके दम पर वे इस परीक्षा में सफल होने वाले देश के 5 अभ्यर्थियों में शामिल हुए हैं। इसके अलावा ईश फोगाट ने 2021 में देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज की प्रवेश परीक्षा में भी शानदार प्रदर्शन किया था। इसमें उनकी रैंक अखिल भारतीय स्तर पर दूसरे स्थान पर रही थी।
युवाओं के लिए प्रेरणा बना ईश फोगाट
ईश फोगाट की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। क्योंकि उन्होंने लगातार मेहनत के बल पर यह सफलता पाई है। ग्रामीण क्षेत्र के युवा बडे सपने तो देखते हैं, लेकिन इसके लिए मेहनत नहीं कर पाते। ऐसे में सपने भी अधूरे रह जाते हैं। ईश फोगाट की सफलता से साफ है कि लक्ष्य तय कने के साथ-साथ लगातार मेहनत भी जरूरी है।
