logo

Sainik School Admission : सैनिक स्कूल रेवाड़ी में कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 2 दिसंबर लास्ट डेट

भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2027 के तहत इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
 
सैनिक स्कूल में कक्षा में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू

Sainik School Admission  date: बच्चे का दाखिला सैनिक स्कूल में करवाने की योजना बना रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। क्योंकि रेवाड़ी स्थित सैनिक स्कूल में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसको लेकर जींद की डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

 

 इसके लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2027 के तहत इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। डीसी ने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाता है। सैनिक स्कूलों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है।
 

कक्षा छठी में लगभग 100 और नौवीं में 45 सीटों पर होगा प्रवेश

डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी में कक्षा छठी के लिए लगभग 100 सीटें उपलब्ध होने की संभावना है। इनमें 67 सीटें लड़कों और 33 सीटें लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। इसी प्रकार कक्षा नौवीं में लगभग 45 सीटों पर प्रवेश होने की संभावना है, जिनमें 30 सीटें लड़कों और 15 सीटें लड़कियों के लिए होंगी। हालांकि, वास्तविक सीटों की संख्या विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और विद्यालय छोड़ने के आधार पर परिवर्तित हो सकती है। 

 

उन्होंने बताया कि विद्यालय में हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए 67 प्रतिशत तथा अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं। प्रवेश प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट और अभ्यर्थियों की निर्धारित चिकित्सा जांच में उपयुक्त पाए जाने के आधार पर दिया जाएगा। आरक्षण नीति के तहत अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7 प्रतिशत तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रावधानों के अनुसार रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान है।

आयु सीमा और आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां

डीसी ने बताया कि कक्षा छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन और आवेदन शुल्क जमा करवाने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11ः 50 बजे तक निर्धारित की गई है। विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन पत्र में त्रुटियों के सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक अवसर मिलेगा। परीक्षा के लिए शहर की जानकारी 11 दिसंबर 2026 को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।


 

बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी प्रवेश परीक्षा

उन्होंने बताया कि कक्षा छठी की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न तथा सामान्य ज्ञान, भाषा और बुद्धिमत्ता के 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस प्रकार कुल 125 प्रश्नों के लिए 300 अंक निर्धारित हैं। इसी प्रकार कक्षा नौवीं की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न तथा अंग्रेजी, बुद्धिमत्ता, सामान्य विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के 25-25 प्रश्न होंगे। इस परीक्षा में कुल 150 प्रश्नों के लिए 400 अंक निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी तथा पेन-पेपर माध्यम से उत्तर पत्रक पर आयोजित की जाएगी।

एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर करें आवेदन

डीसी ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि ऑनलाइन आवेदन करने से पहले प्रवेश परीक्षा की सूचना पुस्तिका को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित पात्रता एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार ही आवेदन करें। आवेदन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ के माध्यम से किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, आरक्षण और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। डीसी ने जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों से आह्वान किया कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूलों में शिक्षा प्राप्त करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देश सेवा के संस्कार विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।