हरियाणा में मेगा जॉब फेयर : 44 कंपनियां पहुंची, 2500 युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
Mega Job Fair : हरियाणा में बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) जींद में सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय और आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया गया। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया। इस रोजगार मेले में 44 कंपनियों ने भाग लिया, जबकि करीब 2500 युवाओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से रोजगार के लिए पंजीकरण करवाया। मेले के दौरान चयनित युवाओं को मौके पर ही जॉब ऑफर लेटर भी सौंपे गए।
इस दौरान शिवम ऑटो टेक कंपनी ने 50 युवाओं का चयन किया। कंपनी के एचआर हेड मनोज धवन के नेतृत्व में चयन प्रक्रिया पूरी की गई। डिप्टी स्पीकर डॉ. मिड्ढा ने स्वयं चयनित युवाओं को जॉब ऑफर लेटर सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रोजगार मिलने पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
2014 में 14वें से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना भारत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 14वें स्थान पर था, जबकि आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक रहेगी।
उन्होंने कहा कि देश रक्षा, तकनीक, विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा शिक्षित, कुशल, आत्मनिर्भर और रोजगार के बेहतर अवसरों से जुड़ेंगे।
कौशल विकास से युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आईटीआई जैसे संस्थान उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार के योग्य बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने और अपने कौशल व तकनीकी दक्षता को लगातार बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे जॉब फेयर युवाओं और औद्योगिक इकाइयों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करते हैं।
इससे कंपनियों को योग्य कर्मचारी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी अंजू नरवाल, आईटीआई प्राचार्य धर्मेंद्र सिंह, अध्यापक राजेश कुंडू, रविंद्र कुंडू सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि और संस्थान का स्टाफ मौजूद रहा।
