logo

हरियाणा में राज मिस्त्री की बेटी ने रचा इतिहास, ITI में इंडिया टॉपर, 600 में से 600 अंक

 
 कैथल के राज मिस्त्री की बेटी मुस्कान नरड़ ने रचा इतिहास, ITI में इंडिया टॉपर, 600 में से 600 अंक

ITI Topper Muskan : मेहनत और मजबूत इरादे हों तो साधारण परिवार से आने वाला विद्यार्थी भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। इसका उदाहरण राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), कैथल की छात्रा मुस्कान ने पेश किया है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की परीक्षा में मुस्कान ने हरियाणा ही नहीं पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। 

स्टेनोग्राफी एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट (हिंदी) ट्रेड की इस छात्रा ने 600 में से 600 अंक हासिल कर शत-प्रतिशत परिणाम दिया है। प्रायोगिक परीक्षा में भी उसने सभी अंक प्राप्त किए। मुस्कान की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है। उसकी सफलता पर आईटीआई में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रधानाचार्य जगमोहन ने उसे प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर उन्होंने मुस्कान के माता-पिता और अनुदेशक राजेश ढुल को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्रा ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल संस्थान बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।  

राजमिस्त्री की बेटी ने मेहनत से हासिल किया मुकाम

गांव नरड़ निवासी मुस्कान के पिता बलजीत राजमिस्त्री का काम करते हैं और मां गृहिणी हैं। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली मुस्कान ने पढ़ाई को प्राथमिकता देते हुए नियमित अभ्यास और अनुशासन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। उसने प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक विषय पर गंभीरता से ध्यान दिया, जिसका परिणाम परीक्षा में पूरे 600 अंक के रूप में सामने आया।

अब आईटीआई में अनुदेशक बनने का सपना

अपनी सफलता का श्रेय मुस्कान ने अनुदेशक राजेश ढुल के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। उसका कहना है कि लक्ष्य तय करके लगातार मेहनत करने से सफलता जरूर मिलती है। मुस्कान भविष्य में आईटीआई में एसएसए हिंदी की अनुदेशक बनना चाहती है। उसका उद्देश्य खुद आगे बढ़ने के साथ-साथ दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रशिक्षण देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाने में मदद करना है।