पंचकूला स्कूल में KG क्लास की बच्ची के साथ मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, 2 टीचर्स सस्पेंड
Panchkula School news : हरियाणा में पंचकूला के सेक्टर-20 के राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय में KG की बच्ची के साथ कथित मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दो JBT शिक्षिकाओं को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। वहीं प्रिंसीपल समेत दोनों क्लास टीचर्स के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
सस्पेंड की गई शिक्षिकाओं में सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के नाम शामिल हैं। निलंबन अवधि में दोनों का मुख्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय रहेगा। पूरा मामला उस समय सामने आया, जब स्कूल में पढ़ने वाली KG की बच्ची के साथ तीसरी कक्षा के एक छात्र द्वारा कथित तौर पर मारपीट किए जाने की बात सामने आई। घटना के बाद स्कूल में छोटे बच्चों की सुरक्षा और उनकी देखरेख की व्यवस्था पर सवाल उठे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पंचकूला के जिला शिक्षा अधिकारी से अब तक की कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। विभाग को विस्तृत और बिंदुवार तथ्यात्मक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से दोनों शिक्षिकाओं के निलंबन के आदेश जारी किए जा चुके हैं। अब आगे की जांच और आयोग को भेजी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर मामले में अगली कार्रवाई तय होगी। उधर, बच्ची की सेहत में सुधार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात उसने पहली बार अपनी मां के हाथ से थोड़ी खिचड़ी खाई।
दूसरी तरफ पुलिस जांच में ये भी सामने आया है कि हमलावर बच्चा फोन व गेम्स का आदी है और फोन में हिंसक वीडियो गेम्स खेलता है। बड़े बच्चों में उठता-बैठता है। पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। बच्चे की सोमवार को पीजीआई में फिर मेंटल मैपिंग होगी।
