हरियाणा के छोटे से गांव की बेटी ISRO में बनी वैज्ञानिक, अंतरिक्ष पर करेंगी शोध
Sakshi Sharma ISRO Scientist : हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। जहां पिछले दिनों एशियाई खेलों में हरियाणा की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली मेडलों से भरी, वहीं हरियाणा की बेटी शिक्षा व शोध के क्षेत्र में भी अपनी सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। अब हरियाणा के सिवानी मंडी की बेटी साक्षी शर्मा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO में वैज्ञानिक बन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
साक्षी शर्मा सीवानी मंडी के अंतर्गत आने वाले बड़वा गांव की बेटी हैं। उन्होंने प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में वैज्ञानिक पद पर जगह बनाई है। इस पर पर साक्षी शर्मा का चयन उनके गांव के साथ-साथ परिवार व क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
इससे पहले साक्षी शर्मा ने जेईई मेन्स और जेईई एडवांस दोनों परीक्षाओं में शानदार परिणाम देते हुए विज्ञान के प्रति अपनी लगन को दिखा दिया था। हालांकि इस परीक्षा के बाद वे उच्च शिक्षा के लिए केरल के तिरुवनंतपुरम में पढ़ाई करने लगीं। इसी पढ़ाई के दौरान साक्षी शर्मा का चयन इसरो में बतौर वैज्ञानिक हुआ है।
अब इसरों द्वारा साक्षी शर्मा को चयन पत्र भेजा जा चुका है। जैसे ही यह पत्र साक्षी शर्मा के गांव पहंचा, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई।
हालांकि साक्षी शर्मा का परिवार क्षेत्र में अपनी खास पहचान रखता है, लेकिन साक्षी ने अब नई पहचान अपने परिवार को दिलवाई है। साक्षी शर्मा केे पिता मामराज शर्मा हैं और उनके दादा सुवालाल क्षेत्र के विद्वान पंडित थे। साक्षी शर्मा की इस सफलता पर ग्रामीणों का कहना है कि यह उपलब्धी पूरे गांव ही नहीं क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करेगी।
