सर्दियों में स्कूलों की छुट्टियों को लेकर बड़ी अपडेट, जानें किस राज्य में कब होंगी छुट्टी
Winter Holiday update : सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है और नवंबर महीना आधे से अधिक बीत चुका है। ऐसे में दिसंबर का महीना आते ही बच्चों को स्कूलों में पड़ने वाली छुट्टियों का इंतजार है। विशेषकर अधिक ठंड और घने कोहरे के कारण भी कई बार स्कूलों में अतिरिक्त छुट्टियां कर दी जाती है। वहीं कुछ राज्यों में सरकारों द्वारा शिक्षा सत्र 2026-27 में सर्दियों की छुट्टियों का शेड्यूल तय कर लिया गया है।
सर्दियों के मौसम में देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम के हिसाब से छुट्टियों का समय 7 दिन से लेकर 20 दिन तक रहता है। यानी इस समय में स्कूल बंद रहेंगे। शैक्षणिक सत्र के कैलेंडर के लिए कई राज्यों में पहले ही इसकी तैयारी कर ली है। हालांकि कुछ जगहों पर स्थानीय प्रशासन मौसम के अनुरूप छुट्टियों का फैसला करता है।
जम्मू-कश्मीर में 7 दिसंबर से शुरू होंगी छुट्टियां
दरअसल जम्मू-कश्मीर में अधिक ठंड रहती है। ऐसे में यहां छुट्टियां भी लंबी चलती हैं। इसके लिए सरकार द्वारा कैलेंडर निर्धारित कर लिया गया है। इसके अनुसार कश्मीर क्षेत्र में फाउंडेशनल, प्रिपरेटरी और मिडिल स्तर के स्कूलों में 7 दिसंबर 2026 से छुट्टियां शुरू हो रही हैं। यह छुट्टियां 28 फरवरी 2027 तक चलेंगी। इसके अलावा कक्षा 9 से 12 की छुट्टियां 1 सप्ताह बाद यानी 14 दिसंबर 2026 शुरू होंगी। इन कक्षाओं की छुट्टियां 21 फरवरी 2027 तक रहेंगी।
दिल्ली के स्कूलों में 15 दिन की छुट्टियां
यदि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात की जाए तो सर्दियों की छुट्टिया 15 दिन की रहने वाली हैं। दिल्ली के स्कूलों में 1 जनवरी से छुट्टियां शुरू होंगी और 15 जनवरी 2027 तक चलेंगी। यह कैलेंडर सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए है। हालांकि कई निजी स्कूल अपनी सुविधा के अनुसार छुट्टियां कर सकते हैं।
यूपी के स्कूलों में छुट्टियां 31 दिसंबर से
यदि दिल्ली के साथ लगते राज्य उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो राज्य के बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा 31 दिसंबर 2026 से छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। यहां 14 जनवरी 2027 तक शीतकालीन छुट्टियों का शेड्यूल तैयार किया गया है। यहां भी बच्चों को 15 दिन की छुट्टियां मिलने जा रही हैं।
बिहार में अगले महीने से ही शुरू होंगी छुट्टियां
वहीं सर्दियों की छुट्टियों को लेकर बिहार शिक्षा विभाग ने 25 से छुट्टियां करने का फैसला लिया है। बिहार में 31 दिसंबर तक सर्दियों की छुट्टियों में स्कूलों की छुट्टी रहेंगी। इस अवधि में सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में छुट्टियों की व्यवस्था की गई है।
राजस्थान में 11 दिन बंद रहेंगे स्कूल
वहीं राजस्थान राज्य में सर्दियों की छुट्टियों में स्कूल 31 दिसंबर से 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। राज्य में शिविरा पंचांग 2026-27 के छुट्टियों का शेड़यूल बनाया गया है। 11 जनवरी से दोबारा स्कूलों में कक्षाएं शुरू होंगी।
केंद्रीय विद्यालयों में 23 दिसंबर से सर्दियों की छुट्टी
वहीं देश भर में कार्यरत केंद्रीय विद्यालयों के लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन यानी KVS ने छुट्टियों की योजना तैयार कर ली है। कुछ क्षेत्रों के केंद्रीय विद्यालयों में सर्दियों की छुट्टियां 23 दिसंबर 2026 शुरू होंगी। इसके बाद 11 जनवरी 2027 तक छुट्टियां जारी रहेंगी। हालांकि केंद्रीय विद्यालय के मामले में अपने क्षेत्र की छुट्टियों को आधिकारिक रूप से जान लें।
