जींद के उचाना में व्यक्ति का मर्डर, 3 घायल
Jind crime news : उचाना क्षेत्र के कहसून गांव में बुधवार शाम को दो पक्षों के बीच झगड़े में एक व्यक्ति का मर्डर हो गया जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को जींद के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया गया है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कहसून गांव निवासी जसमेर ने बताया कि बुधवार सुबह उनके पड़ोसी दो युवकों को पुलिस चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए लेकर गई थी। इस पर उनके परिजन उनके परिवार पर शिकायत का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली-गलौज करने लगे।
शाम को आरोपियों ने बाहर से एक गाड़ी व दो बाइकों पर छह-सात युवक बुलाए और उन पर हमला कर दिया। उसी समय काम से घर लौट रहे उसके चाचा राजू पर पीछे से धारधार हथियार के साथ वार कर दिया। राजू के सिर, कमर, छाती में धारधार हथियार के साथ वार किए गए। इसमें राजू नीचे गिर गया, उसके बाद भी राजू पर हमला जारी रखा।
राजू को छुड़वाने के लिए आए उसके भाई कृष्ण, कृष्ण के बेटे नवाब और शंकर पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिसमें वह चारों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने हमलावरों से छुड़वाया और घायलों को उपचार के लिए जींद के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया।
बाकी तीनों का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उचाना थाना प्रभारी ने बताया कि कहसून गांव झगड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर गांव में जांच के लिए गई। परिजनों के बयान लिए जाएंगे, उसके आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
